बिहार में पछुआ हवाओं के प्रभाव से एक बार फिर ठंड बढ़ गई है
श्रीनारद मीडिया सेन्ट्रल डेस्क

बिहार में एक बार फिर पछुआ हवाओं के असर से ठंड लौट आई है. मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है. राजधानी पटना समेत आसपास के जिलों में सुबह और देर शाम सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ रही है, जबकि दोपहर बाद अच्छी धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है.
कैसा रहा मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा. इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकि नगर में रिकॉर्ड किया गया. न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस जीरादेई (सिवान) में दर्ज किया गया. राज्य का न्यूनतम तापमान 9.0 से 16.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है. अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. मौसम विभाग ने यह भी बताया कि राज्य के कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा भी देखने को मिला है. सबसे कम विजिबिलिटी 500 मीटर वाल्मीकि नगर में दर्ज की गई.
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, इन दिनों पश्चिमी और दक्षिणी भाग के जिलों में बाकि जिलों की तुलना में ज्यादा ठंड देखी जा रही है. शुक्रवार की ही बात करें तो किशनगंज, मधेपुरा, अगवानपुर, वाल्मिकीनगर, जिरादेई, बक्सर, गया और औरंगाबाद में रात का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. किशनगंज बिहार का सबसे ठंडा जिला बना रहा. यहां न्यूनतम तापमान 8.7°C रिकॉर्ड हुआ. जबकि सबसे अधिक बांका में 15.5°C दर्ज हुआ. गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को रात के तापमान में अधिकांश जिलों में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं ने बिहार के मौसम का मिजाज बदल दिया है. इन हवाओं की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक बनी हुई है. एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 08 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसका भी कुछ ना कुछ प्रभाव बिहार में देखने को मिलेगा.

