डेंगू पर वार: जुलाई भर चलेगा ‘एंटी डेंगू माह’, स्कूलों से लेकर गांव गलियों तक चलेगा जागरूकता अभियान
स्कूलों में क्विज, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता
निगम के सफाई वाहनों से भी होगा डेंगू बचाव का प्रचार
श्रीनारद मीडिया, पंकज मिश्रा, अमनौर, छपरा (बिहार):

छपरा जिले में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जुलाई माह को ‘एंटी डेंगू माह’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। पूरे माह व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन तथा अन्य विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाना, लोगों को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. नारेंद्र कुमार सिन्हा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही लोगों को यह बताया जाए कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर दिन में भी काटता है, इसलिए पूरे दिन मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाना जरूरी है।
घरों में जमा पानी नहीं रहने देने की अपील
अभियान के दौरान लोगों को घरों और आसपास साफ पानी जमा नहीं होने देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पानी की टंकियों को ढककर रखने, कूलर का पानी नियमित रूप से बदलने, टूटे बर्तनों, पुराने टायरों, गमलों तथा अन्य पात्रों में पानी जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर रहेगा।
स्कूलों में होंगे विशेष कार्यक्रम
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि डेंगू के प्रति बच्चों और युवाओं को जागरूक करने के लिए विद्यालयों में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके अलावा क्विज, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्य में क्लस्टर रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (CRC), ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (BRC) एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का सहयोग लिया जाएगा।
सफाई गाड़ियों से भी होगा प्रचार
नगर निगम और नगर निकायों के अंतर्गत संचालित सफाई एक्सप्रेस (कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों) के ऑडियो सिस्टम पर डेंगू से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे, ताकि गली-मोहल्लों और टोले-टोले तक जागरूकता का संदेश पहुंचे।
विभिन्न विभागों के साथ होगा समन्वय
वीडीसीओ सह डेंगू कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी सुमन कुमारी ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs), स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों के साथ बैठक और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें डेंगू नियंत्रण के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा होगी।
डेंगू से बचाव के प्रमुख उपाय
• घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
• पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें।
• कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें।
• पुराने टायर, टूटे बर्तन और नारियल के खोल में पानी जमा न होने दें।
• पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
• मच्छरदानी, मच्छररोधी क्रीम और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाएं।
• बुखार आने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
यह भी पढ़ें
अब टेढ़े पैर नहीं बनेंगे भविष्य की बाधा, सदर अस्पताल में क्लबफुट का आधुनिक इलाज शुरू
दिल्ली से चारों दिशाओं में चलेंगी चार बुलेट ट्रेन
बंगाल की सभी बंद जूट मिलें,10 जुलाई तक खुल जाएंगी
यूटोपिया कबड्डी अकादमी के खिलाड़ियों को मिली नई जर्सी, जनप्रतिनिधियों ने किया अनावरण
