साहसिक कार्य: युवक ने पोखरे में डूब रहे दो मासूमों की बचाई जान
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, छपरा (सारण)।

मांझी (सारण)। सारण जिले के मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के गोंढ़ा गांव स्थित पोखरा में सोमवार की दोपहर हुए हादसे में दो मासूम बालकों की जान स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और एक युवक की बहादुरी से बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में राहत की भावना देखी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धरणी दास के मठिया के घोड़ा मोहल्ला निवासी सलीम अंसारी के चार वर्षीय पुत्र अरशद अली और मोजिम अंसारी की ढाई वर्षीय पुत्री सफा पोखरा के किनारे खेलते-खेलते गहरे पानी की ओर चले गए। अचानक पैर फिसलने से दोनों बच्चे पोखरे में डूबने लगे।
इसी बीच दाउदपुर से सन्यासी बाजार के रास्ते मांझी लौट रहे प्रत्यक्षदर्शी रजनीश कुमार सिंह की नज़र बच्चों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना किसी झिझक के पोखरे में छलांग लगा दी और दोनों मासूमों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी बहादुरी के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग करते हुए दोनों बच्चों को तत्काल मांझी सीएचसी पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों बच्चे अब खतरे से बाहर हैं।
परिजनों ने बताया कि बच्चे खेलते-खेलते पोखरे के किनारे पहुंच गए थे और अचानक फिसलने के कारण हादसा हुआ। वहीं ग्रामीणों ने साहसिक कदम उठाने वाले रजनीश कुमार सिंह की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा ‘रियल हीरो’ बताया है।
यह भी पढ़े
तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद नए ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी: सुधांशु रंजन
लक्ष्मी नर्सिंग होम के संस्थापक डॉक्टर बीएल सिंह की नौवीं पूण्यतिथि मनायी गयी
बीस सूत्री उपाध्यक्ष के माता पिता के पूण्यतिथि पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित

