यूपी, बिहार, राजस्थान, एमपी में ठंड का कहर जारी रहेगा
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

देशभर के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रहा है। तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर-पश्चिमी, मध्य, पूर्वी तथा उत्तर-पूर्वी भारत के हिस्सों में आने वाले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे की संभावना बनी हुई है।
7 जनवरी के मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड , पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ में शीतलहर पड़ने की प्रबल संभावना है।
बहुत घने कोहरे की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 07 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब में बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है।
घने कोहरे की चेतावनी
वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू क्षेत्र, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घने कोहरे छाने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकता है। फिलहाल सुबह से शाम तक कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है , लेकिन कोहरे में कमी और दिन में धूप निकलने से लोगों को दिन के समय राहत भी मिली है। कुल मिलाकर यहां अभी ठंड से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।

बिहार के मौसम का हाल
बिहार के अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी तक पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया जैसे जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है। यानी यहां भी अभी ठंड से कोई राहत मिलती नहीं नजर आ रही है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
अगर बात करें राजस्थान के मौसम की तो यहां, राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में तापमान तेजी से गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और डूंगरपुर को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। कई जगहों पर शीतलह का कहर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 10 जनवरी तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में भीषण ठंड
जम्मू-कश्मीर में शुष्क मौसम के बीच न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में एक दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, इससे पूरे क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया है। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना हैं। वहीं, श्रीनगर समेत घाटी के निचले इलाकों में लोग अभी मौजूदा सर्दियों की पहली बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं।

दिल्ली-एनसीआर में कोहरे से राहत
अगर बात करें दिल्ली-एनसीआर के मौसम की तो यहां कोहरे से तो राहत मिली है, ठंड और गलन बरकरार है। मंगलवार दिन में धूप खिली, लेकिन ठंडक कम नहीं हुई। दिल्ली एनसीआर में बीते 24 घंटों के दौरान धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मध्य प्रदेश का मौसम
मध्य प्रदेश में भी शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। सुबह होते ही सड़कों पर धुंध की मोटी चादर बिछ जा रही है, जिसके चलते विजिबिलिटी कम हो जा रही है। ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10° से नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अगले तीन दिनों तक ठंड राहत की उम्मीद कम है।
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। केदारनाथ समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी देखने को मिल रही है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी है। अगले कुछ दिन पहाड़ों में पाले और मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

