चक्रवात ‘शक्ति’ को लेकर कई जिलों में अलर्ट
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क
मानसून की विदाई के बाद भी कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चक्रवात ‘शक्ति’ की चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार, चक्रवात ‘शक्ति’ का असर 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के बीच महाराष्ट्र के कुछ जिलों पर देखने को मिल सकता है।
IMD ने मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और सिंधुदुर्ग जैसे महाराष्ट्र के तटीय जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। 4-5 अक्टूबर के बीच चक्रवात ‘शक्ति’ के कारण इन जिलों में 45-65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवा चलने की संभावनाहै।
मछुआरों को दी गई चेतावनी
IMD के अनुसार, हवा की गति और भी ज्यादा बढ़ सकती है। इससे समुद्र की लहरें भी रौद्र रूप धारण कर लेंगी। ऐसे में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र समेत पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बरसात होने की चेतावनी जारी की है।
IMD का कहना है कि तेज बारिश के कारण तटीय इलाकों में बाढ़ के हालात बन सकते हैं। खासकर कोंकण तट पर घने काले बादल के साथ गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने भी चक्रवात ‘शक्ति’ ने निपटने की तैयारी शुरू कर दी है।
पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी
महाराष्ट्र सरकार ने सभी जिलों में राहत टीमों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है। लोगों को तटों से दूर रहने के लिए कहा गया है। वहीं, समुद्र तट के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह ले जाने का काम शुरू हो गया है। पर्यटकों को भी समुद्र के पास न जाने की एडवाइजरी जारी की गई है।
लौटते हुए मानसून का प्रभाव देश के कई राज्यों पर दिख रहा है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दाब का असर देश के उत्तरी राज्यों पर पड़ रहा है। मौसम विभाग की माने तो उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपरी इलकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र के तटीय इलाके में चक्रवात शक्ति को लेकर मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे कानपुर वाराणसी गोरखपुर में बंगाल की खाड़ी के निम्नदाब का प्रभाव नजर आ रहा है, इन इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि बरेली में बहुत तेज बारिश की आशंका है। लखनऊ सुल्तानपुर बाराबंकी और अयोध्या में भी बारिश की संभावना है मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में IMD की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा में भारी बारिश से मची तबाही
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का गहरा असर ओडिशा में देखने को मिला है। ओड़िसा के तटीय जिलों में भारी बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में भूस्खलन की समस्या सामने आ रही है। इन इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है।
बिहार के इन जिलों में रेड अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के निम्न दाब का प्रभाव बिहार पर भी दिख रहा है। बिहार में अगले 3 दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। राजधानी पटना सहित बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग की ओर से अति भारी और भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। चार एवं पांच अक्टूबर को उत्तर एवं दक्षिण बिहार के कुछ जगहों पर रेड अलर्ट जारी किया है।