जेपी की जन्मभूमि सिताब दियारा में लोक समिति की बैठक संपन्न
अफसरशाही व जनप्रतिनिधियों पर जन-नियंत्रण जरूरी : शिवजी सिंह
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, एकमा, सारण (बिहार):

सारण जिला लोक समिति के तत्वावधान में रिविलगंज प्रखंड क्षेत्र में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि सिताब दियारा में किसान-मजदूरों के साथ बिहार प्रदेश लोक समिति के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष सवलिया गिरि ने की, जबकि संचालन जेपी राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट के सचिव आलोक कुमार ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश लोक समिति के प्रांतीय महासचिव शिवजी सिंह ने कहा कि लोक समिति लोकनायक जयप्रकाश नारायण द्वारा स्थापित एक गैर-दलीय राष्ट्रीय जन संगठन है। इसकी स्थापना 30 जून 1977 को हुई थी और स्वयं जेपी इसके प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। वर्तमान में देश के प्रसिद्ध गांधीवादी चिंतक गिरिजा सतीश राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं, जिनके मार्गदर्शन में लोक समिति बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
श्री सिंह ने कहा कि लोक समिति स्थापना काल से ही शांति, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए रचना और संघर्ष दोनों के माध्यम से समाज सुधार का कार्य कर रही है। संगठन भ्रष्टाचार, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, सिंचाई, शोषण, अन्याय, तिलक-दहेज, पाखंड, अंधविश्वास के विरुद्ध तथा शांति-सद्भावना और बिहार में शराबबंदी कानून के सख्त पालन के लिए लगातार अभियान चला रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद जनप्रतिनिधियों की मनमानी व अफसरशाही का प्रभाव बढ़ा है। पुलिस-प्रशासन में बिना रिश्वत के काम नहीं हो पा रहा है, जिस पर जनता का प्रभावी नियंत्रण बेहद जरूरी है। उन्होंने बाढ़ और सूखे की मार से जूझ रहे किसान-मजदूरों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि खेती-किसानी घाटे का सौदा बनती जा रही है। उद्योग-धंधों और कल-कारखानों की कमी के कारण रोजगार का अभाव है, जिससे मजदूरों का बड़े पैमाने पर पलायन हो रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए बक्सर जिला लोक समिति के जिला संयोजक कवि हीरालाल ने कहा कि किसानों की धान की फसल तैयार है, लेकिन सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं की जा रही है। मजबूरन किसान औने-पौने दामों पर धान बेचकर महंगे खाद और बीज खरीदने को विवश हैं, जो किसानों के साथ घोर अन्याय है।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरिजा सतीश, शाहाबाद प्रक्षेत्र के गांधीवादी किसान नेता सुरेश प्रसाद, संत शुकदेव महाराज, आलोक कुमार गिरि, अमित कुमार गिरि, सुरेंद्र गिरि, जितेंद्र शर्मा, कृष्णा शर्मा, राम प्रकाश शर्मा, शिवराज गिरि, झमू गिरि, बबलू गिरि, रूपेश कुमार, श्रीभगवान मल्लाह आदि अन्य गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।
यह भी पढ़ें
केरल के पंचायत चुनाव में भाजपा जीता,कैसे?
मेसी के इवेंट में क्यों हुई अफरा-तफरी?
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राज कुमार गोयल देश के अगले मुख्य सूचना आयुक्त होंगे


