विमान से उतरे पुतिन को पीएम मोदी ने गले लगा लिया
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम को दो दिन के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य लगभग आठ दशक पुरानी भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत करना है, एक ऐसी साझेदारी जो जटिल भू-राजनीतिक माहौल के बावजूद स्थिर बनी हुई है। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया।
रूसी राष्ट्रपति का विमान शाम करीब साढ़े छह बजे के आसपास नई दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। कुछ देर बाद विमान से उतरे पुतिन को पीएम मोदी ने रिसीव किया और गले लगा लिया। इसके बाद, दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर रवाना हो गए। मालूम हो कि कुछ महीने पहले चीन के तियानजिन में आयोजित की गई एससीओ की बैठक में भी पीएम मोदी और पुतिन की एक ही कार में सवार वाली तस्वीर सामने आई थी।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को होने वाली 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता को लेकर बेहतर माहौल बनाने के उद्देश्य से आज शाम पुतिन के लिए एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता का मुख्य विषय रक्षा संबंधों को मजबूत करना, भारत-रूस व्यापार को बाहरी दबाव से सुरक्षित रखना और छोटे मॉड्यूलर संयंत्रों में सहयोग की संभावनाओं की तलाश जैसे मुद्दों पर केंद्रित होगा। इस बैठक पर पश्चिमी देशों द्वारा करीबी नजर रखे जाने की संभावना है।
रूसी नेता का नई दिल्ली का लगभग 27 घंटे का दौरा इसलिए और भी अहम हो गया है क्योंकि यह भारत-अमेरिका संबंधों में तेजी से आ रही गिरावट की पृष्ठभूमि में हो रहा है। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापार के क्षेत्रों सहित कई समझौते होने की उम्मीद है। दोनों नेताओं के बीच बैठक से पहले शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
बैठक हैदराबाद हाउस में होगी, जहां मोदी राष्ट्रपति पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए भोज का आयोजन करेंगे और इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा भी होगी।
पीएम मोदी के साथ करेंगे डिनर
एयरपोर्ट से निकलने के बाद पुतिन डिनर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर जाएंगे। दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने की बातचीत लगभग 8.30 तक जारी रहने की उम्मीद है। मीटिंग के बाद, रूसी नेता रात के लिए अपने होटल लौट जाएंगे। पुतिन का शुक्रवार को औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता होगी। प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद हाउस में पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए दोपहर के भोज की भी मेजबानी करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि पुतिन सुबह राजघाट भी जाएंगे। शिखर वार्ता के बाद पुतिन रूस के सरकारी प्रसारक के भारत चैनल की शुरुआत करेंगे, जिसके पश्चात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी। लगभग 28 घंटे की यात्रा के बाद पुतिन शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे भारत से प्रस्थान करेंगे।
पुतिन के दौरे पर दुनिया की निगाहें
पुतिन की यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्ण हैं। उनकी यात्रा का मकसद समग्र द्विपक्षीय रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को विस्तार देना है। मोदी और पुतिन के बीच शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता में रक्षा सहयोग बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार को बाहरी दबावों से सुरक्षित रखने और छोटे ‘मॉड्यूलर रिएक्टर’ के क्षेत्र में संभावित सहयोग पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।
माना जा रहा है इस वार्ता पर पश्चिमी देशों की पैनी निगाह रहेगी। भारत और रूस के बीच 23वीं शिखर वार्ता के बाद दोनों पक्ष व्यापार समेत कई क्षेत्रों में समझौते कर सकते हैं।


