भरोसा जीतने के लिए नीतीश कुमार बनना पड़ता है

भरोसा जीतने के लिए नीतीश कुमार बनना पड़ता है 

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

000
previous arrow
next arrow
000
000
previous arrow
next arrow

बिहार चुनाव परिणाम को सभी अपनी दृष्टि से देख रहे हैं । हारनेवाले अपनी हार को स्वीकार नहीं कर रहे हैं । इसी कारण हार की वजहों की पड़ताल नहीं कर रहे हैं । कोई दसहजारी योजना को प्रमुख कारण बता रहा है तो कोई इसके उपर पेंशन की लेयर चढ़ा रहा है । जब कोई निष्कर्ष नहीं निकल रहा तो निर्वाचन आयोग और सरकारी मशीनरी पर सवाल खड़े कर कुछ लोग स्वयं संबोधि प्राप्त कर रहे हैं ।

1990 से 2005 वाले कालखण्ड के किशोर और युवा आज अपने परिवार और समाज में महत्वपूर्ण स्थिति में है । परिवार की सत्ता इन्हीं के पास है । इन किशोरों और युवाओं ने अपना कैरियर बेहतर करने के लिये अपना राज्य छोड़ा । इंटर काउन्सिल के लेट रिजल्ट के चलते उसी सत्र में दूसरे राज्यों के शैक्षिक संस्थानों में इनका नामांकन नहीं हुआ । अपने राज्य में एडमिशन लेने से बेहतर लगा था उन्हें एक साल गंवाकर किसी अन्य राज्य में जाना ।

अपनी बड़ी छोटी बहनों को पढाई छोड़ते उस समय की पीढ़ी ने देखा था । प्राइमरी या मिडिल स्कूल के बाद हाई स्कूल जाना था । हाई स्कूल घर से 3 से 7 किलोमीटर की दूरी पर होते थे । कहीं कहीं इससे भी अधिक दूरी तय करनी होती थी । इन बच्चियों की सुरक्षा की चिंता ने इनके सपने मार दिये थे । सपने देखनेवाली उम्र में सपनों के मरने का दर्द कोई उन्हीं से पूछे ! उन बच्चियों ने इसका जिम्मेद्दार अपने माता-पिता या भाइयों को नहीं माना । उस समय की सरकार को माना । आज वहीं बच्चियां अपनी जैसी बेटियों की मां बन चुकी हैं ।

नीतीश कुमार ने 2006 में बालिकाओं के लिये साइकिल योजना की शुरुआत की । इसके पहले हाई स्कूल की कक्षा में एक से दो बेंच पर एक किनारे छात्रायें होतीं । शेष पर छात्र होते । इस योजना ने बालिकाओं को पंख दिये । वे अपने भाइयों की तरह साइकिल से स्कूल जा सकती थीं । सकुचाती हुई अपने भाई की साइकिल के कैरियर पर बैठकर नहीं । चहचहाती हुई चिड़िया की तरह अपनी सखियों के साथ । अपनी साइकिल पर उड़ती हुई । शुरु में लड़खड़ाईं, धक्के मारे, गिरीं , लेकिन एक बार संतुलन साध लेने के बाद सालों पुराना डर जाने लगा था ।

इसके पहले कानून का शासन स्थापित हो चुका था । अभिभावक आश्वस्त हो गये थे । विश्वास लगातार बढ़ता गया । 2005 में मैट्रिक की बोर्ड परीक्षा में लगभग 1 लाख 87 हजार छात्रायें उपस्थित हुई थीं । वहीं संख्या 2024 में बढ़कर 8 लाख 72 हजार हो गयी । इस अनुपात में बालिकाओं की संख्या तो नहीं बढ़ी थी किंतु नीतीश कुमार के प्रति विश्वास कई गुना बढ़ गया था ।

तब इंटर कॉलेज अलग होते थे । प्रायः डिग्री कॉलेजों से सम्बद्ध । प्राइवेट इंटर कॉलेज भी थे । इनकी कोशिश थी कि अधिक से अधिक नामांकन हो और सेटिंग करके अच्छा रिजल्ट हो । हर इलाके में कोई न कोई इंटर कॉलेज ऐसा था जहां की प्रसिद्धि इस बात से थी कि वहां के घोड़े भी पास होते हैं । इन इंटर कॉलेजों का अच्छा खासा क्रेज था ।

फीस भी ठीक- ठाक । सिर्फ पढाई नहीं होती थी । अपवाद तब भी थे । अपवाद अब भी हैं । नीतीश कुमार ने हर पंचायत के किसी न किसी सरकारी स्कूल में इंटर तक की पढ़ाई शुरु कराई । सारे उच्च विद्यालय इंटर तक अपग्रेड कर दिये गये । जहां हाई स्कूल नहीं था वहां जूनियर हाई स्कूल अपग्रेड हुए । बालिकाओं को इंटर तक की पढ़ाई के लिये अपने पंचायत से बाहर नहीं जाना था । चरणबद्ध तरीके से शिक्षकों की नियुक्ति हुई ।

प्रत्येक विद्यालय में स्त्री पुरुष शिक्षक लगभग आधे-आधे । जितने छात्र उतनी छात्रायें । कई तरह की छात्रवृतियों और सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिये आरक्षण ने अभिभावकों को अपनी बेटियों को आगे पढ़ाने के लिये प्रेरित किया । इस पूरे परिदृश्य में बाल विवाह की घटनायें काफी कम हो गईं ।

अब बारी माताओं की थीं । देश के सबसे गरीब राज्यों में से एक बिहार का ग्रामीण मजदूर दिन भर की मजदूरी शाम को शराब की दूकान पर दे आता था । घर का चूल्हा उदास रह जाता था । बच्चे पानी पीकर भूखे पेट सो जाते थे । घर का मालिक दारु पीकर बीमार पड़ता । मातायें विरोध करने पर घरेलू हिंसा का शिकार होतीं । निम्न आय वाले अधिकांश परिवारों में दिन रात कलह की स्थिति रहती थी । इस कलह के जड़ में शराब था । नीतीश कुमार ने 2016 में शराबबंदी लागू की ।

इन महिलाओं को नीतीश कुमार में एक ऐसा मसीहा दिखने लगा था जो उनके दर्द को कम करने आया था । ये वही तो है जिसने हमें 10 साल पहले साइकिल देकर स्कूल भेजा था । काश ! इन पुरुषों पर हमारी निर्भरता को कम कर देता । नीतीश कुमार ने जैसे उनके मन की बात सुन ली हो । स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जीविका दीदीयों को आर्थिक रुप से स्वावलम्बी बनाने का अभियान चला । यह अभियान कामयाब हुआ । आज देश के दूसरे राज्य भी इस मॉडल का अनुसरण कर रहे हैं ।

बूथ पर महिलाओं की कतार और रिकार्ड मतदान की व्याख्या जिस समय टिप्पणीकार कर रहे थे उस समय नीतीश कुमार दाल-भात, चोखा-चटनी खाकर आराम फरमा रहे थे । दसहजारी योजना, पेंशन स्कीम और मुफ्त बिजली यूनिट जैसी योजनाएं हर घर सरकारी नौकरी के वादे पर ऐसे ही भारी नहीं पड़ी साहब ! इसके लिये एक बड़े समूह का भरोसा जीतना पड़ता है । आधी आबादी का भरोसा जीतने के लिए नीतीश कुमार बनना पड़ता है ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!