कभी नहीं खोद पाएंगे मेरी कब्र-पीएम मोदी

कभी नहीं खोद पाएंगे मेरी कब्र-पीएम मोदी

रवनीत बिट्टू सिख हैं, इसलिए राहुल गांधी ने कहा गद्दार-पीएम मोदी

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क 

000
previous arrow
next arrow
000
000
previous arrow
next arrow

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्यसभा में जमकर गरजे। कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी दल लगातार चुनावी हार को पचा नहीं पा रहा है और उनके प्रति गहरी नफरत रखने के बावजूद वह कभी उनकी कब्र नहीं खोद पाएगा। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्षी दल द्वारा डाले गए व्यवधान पर खेद जताया और कहा कि यह न केवल एक आदिवासी और महिला राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि उनके सर्वोच्च संवैधानिक पद और भारत के संविधान का भी अपमान है।

यह कैसी मोहब्बत की दुकान
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग ‘मोहब्बत की दुकान’ की बात करते हैं, वे ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगा रहे हैं, जो चुनावी हार से उत्पन्न उनकी हताशा को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यह कैसी मोहब्बत की दुकान है? उन्होंने यह कौन से संविधान से सीखा है? क्या यह संविधान का अपमान नहीं है? मोदी ने कहा कि वे कभी मेरी कब्र नहीं खोद पाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष कभी उनकी कब्र नहीं खोद पाएगा क्योंकि उन्हें करोड़ों माताओं, बहनों और देश के गरीबों का आशीर्वाद प्राप्त है, जिनके लिए वे निस्वार्थ भाव से काम कर रहे हैं।

रोज देते हैं गालियां
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हर भारतीय नागरिक को समस्या मानती थी, जबकि उनकी सरकार उन्हें अपनी ताकत और चुनौतियों का समाधान मानती है। प्रधानमंत्री ने करीब 100 मिनट लंबे भाषण में कहा कि वे (विपक्ष) उन्हें रोज गालियां देते हैं क्योंकि वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि उनके जैसा एक गरीब आदमी इस पद पर कैसे आसीन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रथम परिवार को लगता है कि प्रधानमंत्री का पद उनकी जागीर है। इस दौरान पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर राहुल गांधी की ‘गद्दार’ टिप्पणी की भी निंदा की। साथ ही इसे पूरे सिख समुदाय का अपमान बताया।

खरगे ने क्या कहा
उधर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम उन्हें सुनना चाहते थे। हालांकि, पिछले चार दिनों से हम देख रहे हैं कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। अगर उन्होंने मेरी बात सिर्फ दो मिनट के लिए भी सुन ली होती, तो यह पूरी समस्या हल हो सकती थी। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और लगता है कि उनका ऐसा करने का कोई इरादा भी नहीं था। हमारी पार्टी के महान नेताओं ने इस देश के लिए महान बलिदान दिए। उन्होंने देश के लिए लड़ाई लड़ी, जेल गए और भारत की स्वतंत्रता हासिल करने के लिए अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया।

रवनीत बिट्टू सिख हैं, इसलिए राहुल गांधी ने कहा गद्दार-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि राहुल गांधी ने रवनीत बिट्टू को गद्दार कहा, क्योंकि वह सिख हैं। उन्होंने कहा कि यह सिखों का अपमान है। राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कल जो हुआ, कांग्रेस के ‘युवराज’ जिनका शातिर दिमाग है, उन्होंने इस सदन के एक सांसद को ‘गद्दार’ कहा। प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका अहंकार चरम पर है।

उन्होंने कांग्रेस छोड़ने वाले किसी और को गद्दार नहीं कहा। लेकिन उन्होंने उस सांसद को गद्दार इसलिए कहा क्योंकि वे एक सिख हैं। यह सिखों का अपमान था, गुरुओं का अपमान था। यह सिखों के प्रति उस नफरत का इजहार था जो कांग्रेस में भरी हुई है। पीएम मोदी ने कहा कि रवनीत बिट्टू उस परिवार के सदस्य हैं, जिसने देश के लिए खुद को कुर्बान कर दिया। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे लोग कांग्रेस को डुबो देंगे।

क्या हुआ था राहुल गांधी-बिट्टू के बीच
गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच बुधवार को नोक-झोंक देखने को मिली जब संसद परिसर में कांग्रेस नेता ने उन्हें ‘गद्दार’ कहा। इसके जवाब में बिट्टू ने ‘देश का दुश्मन’ कहा। यह घटना संसद के मकर द्वार के निकट उस वक्त हुई, जब संसद के बजट सत्र की शेष अवधि से निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसद प्रदर्शन कर रहे थे।

कांग्रेस के सांसद रह चुके बिट्टू संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे और यह टिप्पणी करते हुए सुने गए कि ये (प्रदर्शन कर रहे सांसद) जंग जीतकर आए हैं। इस पर, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देखिए यहां एक गद्दार चला आ रहा है…मेरे गद्दार मित्र, चिंता मत करो, वापस आओगे।

सोनिया गांधी का ‘बिगड़ा हुआ बेटा’
बिट्टू ने बाद में राहुल गांधी को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का ‘बिगड़ा हुआ बेटा’ करार दिया। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने यह बात कई अन्य सांसदों से क्यों नहीं कही, बल्कि केवल एक सिख से ही क्यों कही? बिट्टू ने एक वीडियो संदेश में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गांधी परिवार खुद को सबसे बड़ा ‘देशभक्त’ मानते हैं क्योंकि उनके पिता (राजीव गांधी) ने अपना जीवन कुर्बान किया था। मैंने पार्टी में यह लड़ाई लड़ी कि मेरे दादा, बेअंत सिंह गांधी परिवार द्वारा लगाई गई आग के कारण पंजाब में शहीद हुए।

सिखों के खून से रंगे हैं हाथ
सांसद ने आगे दावा किया कि कांग्रेस देश के खिलाफ है और उनके हाथ सिखों के खून से रंगे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरदार और पगड़ी देखकर कांग्रेस नेता ने इस तरह का व्यवहार किया। बिट्टू ने कहा कि यह सरदार गांधी परिवार के उस वंशज से कभी हाथ नहीं मिलाएगा, जो सिखों का हत्यारा है और जिसने गुरुद्वारों को ध्वस्त किया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कांग्रेस में दोबारा शामिल होंगे, तो बिट्टू ने पलटवार किया, ‘वापस आए, मेरी जूती।’ बिट्टू ने कहा कि इस मामले को लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष उठाना होगा क्योंकि वही इसके संरक्षक हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!