नेताजी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
श्रीनारद मीडिया, रोहित मिश्रा, स्टेट डैस्क
सीवान। बडहरिया प्रखंड के जोगापूर कोठी (पटेल नगर) अंतर्गत गुरुवार को भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दर्जनों ग्रामीणों व युवाओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन व वंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं नवीन सिंह पटेल और मंगलेश सिंह पटेल ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी और अद्वितीय क्रांतिकारी नेता थे। उनका संपूर्ण जीवन देश की आज़ादी के लिए समर्पित रहा और वे आज भी करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वक्ताओं ने बताया कि नेताजी का जन्म 23 जनवरी 1897 को उड़ीसा के कटक में हुआ था। उन्होंने भारतीय सिविल सेवा (आईसीएस) जैसी प्रतिष्ठित नौकरी को छोड़कर स्वतंत्रता संग्राम का मार्ग चुना, जो उनके त्याग और राष्ट्रप्रेम को दर्शाता है। उन्होंने आज़ाद हिंद फ़ौज की स्थापना कर अंग्रेज़ी शासन के विरुद्ध सशस्त्र संघर्ष का नेतृत्व किया। उनका प्रसिद्ध नारा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” आज भी देशवासियों में जोश और आत्मबल भर देता है।
वक्ताओं ने कहा कि नेताजी ने विदेशों में रहकर भी भारत की आज़ादी के लिए निरंतर प्रयास किए और विश्व मंच पर भारत की स्वतंत्रता की आवाज़ को बुलंद किया। भले ही उनका निधन 18 अगस्त 1945 को माना जाता है, लेकिन उनके विचार और आदर्श आज भी जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नेताजी के आदर्शों पर चलने और देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर नवीन सिंह पटेल, मंगलेश कुमार सिंह, सत्य कुमार, विक्की कुमार, आकाश कुमार, अक्षय कुमार सिंह, उदय कुमार, मंटू सिंह पटेल, राजेश सिंह, जुगनू कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।

