Headlines

बिहार में 46 हजार शिक्षकों की वैकेंसी, BPSC ने जारी किया नोटिस

बिहार में 46 हजार शिक्षकों की वैकेंसी, BPSC ने जारी किया नोटिस

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बिहार में शिक्षक बहाली की तैयारी तेज हो गई है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को TRE-4 और प्रधानाध्यापक भर्ती के लिए अधियाचना मिल गई है. करीब 46 हजार पदों के लिए प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है. यह अधियाचना सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से आई है. आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिस भी जारी कर दिया है.

46 हजार पदों पर होगी बहाली

TRE-4 के तहत लगभग 44 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी. चार दिन पहले ही रोस्टर सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था. भर्ती कक्षा 1 से 12 तक के लिए होगी.

  • कक्षा 1 से 8 तक करीब 20 हजार पद हैं.
  • कक्षा 9 से 10 तक लगभग 12 हजार पद हैं.
  • कक्षा 11 से 12 तक करीब 13 हजार पद भरे जाएंगे.

गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स विषय में सबसे अधिक पद रहने की संभावना है.

प्रदर्शन से पहले जारी हुआ नोटिस

16 फरवरी को छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में पटना में बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित था. इससे पहले ही आयोग ने नोटिस जारी कर दिया. इससे अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है कि अब प्रक्रिया तेज होगी. जल्द ही समेकित विज्ञापन जारी किया जाएगा.

राज्य में शिक्षकों की स्थिति

फिलहाल बिहार में करीब 6 लाख शिक्षक कार्यरत हैं. पिछले दो वर्षों में TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के तहत लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति हुई है. करीब 3 लाख नियोजित शिक्षक सक्षमता परीक्षा पास कर राज्यकर्मी बन चुके हैं. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने भी संकेत दिया है कि TRE-4 की वैकेंसी जल्द जारी होगी.

महिलाओं को 35% आरक्षण

इस भर्ती में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा. इसका लाभ बिहार के मूल निवासी अभ्यर्थियों को दिया जाएगा. इस बार एक अभ्यर्थी का केवल एक ही रिजल्ट जारी होगा. पहले अलग-अलग कक्षाओं के लिए कई रिजल्ट आते थे.

पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति

इस भर्ती में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू होगी. शिक्षा विभाग के साथ SC-ST और पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में भी शिक्षक और प्रधानाध्यापक पद भरे जाएंगे. आयोग जल्द समेकित विज्ञापन जारी करेगा. इसके बाद अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने बीते दिनों विशेष विद्यालय शिक्षक पदों पर भर्तियों के लिए विज्ञापन जारी किया था. इसमें स्पेशल टीचर के कुल 7279 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, लेकिन अभी बिहार में शिक्षकों के बंपर पद खाली हैं. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के सामने बिहार सरकार ने जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक बिहार में टीचरों के ढाई लाख से अधिक पद खाली हैं. इनमें से 80 हजार शिक्षकों के पद भरने के लिए जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी. एक अप्रैल 2025 को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के सामने बिहार सरकार ने राज्य समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्य योजना रिपोर्ट प्रस्तुत की थी.

बिहार में 4915 स्कूल बिना मान्यता के चल रहे

बिहार सरकार की तरफ से प्रस्तुत की गई रिपोर्ट के अनुसारबिहार राज्य में 4915 गैर मान्यता प्राप्त स्कूल हैं. इन स्कूलों में 775704 छात्र पढ़ रहे हैं तो वहीं 42377 शिक्षक इन स्कूलों में पढ़ा रहे हैं. बैठक में ये दोहराया गया कि आरटीई अधिनियम की धारा 19 में यह स्पष्ट प्रावधान है कि अधिनियम के लागू होने से पहले स्थापित और मानदंडों को पूरा नहीं करने वाले स्कूलों को अधिनियम लागू होने से तीन वर्षों के भीतर मानदंडों को पूरा करना होगा. ऐसा ना करने पर इन स्कूलों की मान्यता वापस ले ली जाएगी और इन्हें बंद कर दिया जाएगा. बैठक में इस संबंध में राज्य को आगे की कार्रवाई करने के लिए कहा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!