सीवान में कोरोना से  मुखिया सहित ग्‍यारह लोगों की हुई मौत,  सभी  अनुमंडलीय अस्पताल में  थे भर्ती 

सीवान में कोरोना से  मुखिया सहित ग्‍यारह लोगों की हुई मौत,  सभी  अनुमंडलीय अस्पताल में  थे भर्ती

 

पचरुखी के पिपरा पंचायत के मुखिया माधव सिंह कोरोना से जंग हारे

श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

सीवान जिले के महाराजगंज  अनुमंडल मुख्‍यालय  के अनुमंडलीय अस्पताल में कोरोना का कहर जारी है। बेकाबू हो चुके कोरोना के संक्रमण से मुखिया समेत ग्यारह लोगों की मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती कोरोना का संक्रमण रोगियों पर कहर बनकर टूट रहा है। बुधवार को ग्यारह जिंदगियां छीन ली है। डॉ. अरुण कुमार, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. सौरभ कुमार व डॉ. वेद प्रकाश नारायण सिंह ने बताया कि सभी मौतें मंगलवार की रात से लेकर बुधवार के शाम तक हुई है। सभी मृतक अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती थे। मृतकों के स्वास्थ्य के पल-पल की जानकारी उनके परिजनों दी जा रही थी। सभी मृतकों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था। लेकिन, परिजन ले जाने में असमर्थता जताते रहे थे। डॉक्टरों ने बताया कि ऑक्सीजन लेवल काफी कम था। इसके चलते कई रोगी यहां भर्ती करने लायक ही नहीं थे। लेकिन परिजनों ने यही भर्ती किया। फलस्वरुप हालत बिगड़ती चली गई। मृतकों में दरौंदा थाने के पिनर्थु गांव के 45 वर्षीय मिलन मांझी, सीवान के त्रिभुवन मिश्रा की 65 वर्षीय पत्नी श्रीपति देवी, जीबीनगर थाने के दीनदयालपुर गांव के कृष्णा भारती की 60 वर्षीय पत्नी नयन कुमारी देवी, रघुनाथपुर थाने के स्वामीनाथ प्रसाद के 50 वर्षीय पुत्र जगदीश प्रसाद, इसी प्रखंड के सुखदेव राम के 55 वर्षीय पुत्र बसावन राम, हसनपुरा थाने के सरैया गांव के मो. इसरायल खान के 67 वर्षीय पुत्र इकराम खान, पचरुखी के पिपरा पंचायत के मुखिया माधव सिंह, सुरबाला के शहाबुद्दीन की पत्नी अम्बिया खातून व सीवान शहर के धनपत प्रसाद के 50 वर्षीय पुत्र मोहन प्रसाद शामिल हैं। इसके अलावा भगवानपुर के चौरासी गांव के शिवजी सिंह की 75 वर्षीय पत्नी इंदू देवी व गोरेयाकोठी के सरेया गांव के राजेन्द्र प्रसाद के 60 वर्षीय पुत्र सुरेन्द्र प्रसाद की भी मौत हो गई है। दोनों मरीज भर्ती के लिए लाए गए थे लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई थी। मेडिकल टीम ने बताया कि सभी को पीपी किट में शव सौंप दिया गया। परिजनों को भी पीपीई किट दिया गया। दफनाने व अंतिम संस्कार में कोरोना गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया।

पचरूखी के पिपरा पंचायत के मुखिया की मौत  मातम

सीवान जिले के पचरूखी  प्रखंड के पिपरा पंचायत के मुखिया माधव सिंह की बुधवार को कोरोना संक्रमण के कारण अनुमंडल अस्पताल महाराजगंज में मौत हो गयी। मिली  जानकारी के अनुसार सोमवार को मुखिया की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद परिजनों ने अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार की शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर मुखिया की मौत से गांव में कोहराम मचा है। प्रखंड के जनप्रतिनिधियों में एकाएक शोक की लहर दौड़ गयी। घटना की जानकारी देते हुए सुरवाला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि धर्मेन्द्र तिवारी ने बताया कि माधव सिंह की मौत जनप्रतिनिधियों के लिए अपूर्णीय क्षति है जो हमेशा ही खलेगी। वहीं सुरवाला पंचायत की एक महिला का मौत भी कोरोना संक्रमण के कारण होने की चर्चा है। हालांकि देर शाम तक महिला की कोरोना से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!