नीतीश सरकार ने 25 नई चीनी मिल खोलने का काम तेज कर दिया है
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

बिहार में नई चीनी मिल खोलने का काम तेज हो गया है। नीतीश सरकार ने 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों से स्थल चयन करने को कहा है। यह जानकारी गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान ने मंगलवार को दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों के डीएम को इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं। नई चीनी मिलें खोलने की जगह की तलाश की जा रही है।
मंत्री ने बताया कि मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, समस्तीपुर, गयाजी, शिवहर, सीवान, रोहतास, मोतिहारी, बेतिया, पटना, पूर्णिया, वैशाली, सारण, नवादा, बक्सर, भोजपुर, बेगूसराय, खगड़िया, जमुई, भागलपुर, नालंदा, बांका, मधेपुरा, मधुबनी और दरभंगा में नई चीनी मिलों की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले के रैयाम और मधुबनी जिले के सकरी में चीनी मिल की स्थापना सहकारिता विभाग के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार करने के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने अपनी सहमति प्रदान कर दिया है।
बंद पड़ी चीनी मिलों को भी चालू करेगी सरकार
बता दें कि बिहार सरकार राज्य में नई चीनी मिलें खोलने के साथ ही बंद पड़े कारखानों को भी चालू करेगी। हाल ही में विधानसभा में पेश किए गए बजट में इसकी घोषणा की गई। राज्य में चीनी मिलों के खुलने से गन्ना किसानों को फायदा मिलेगा।
पिछले सप्ताह गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें वर्तमान में बंद बड़ी चीनी मिलें- सकरी, रैयाम, मोतीपुर, समस्तीपुर, बिहटा, मढ़ौरा, बारा चकिया, चनपटिया और सासामूसा को फिर से शुरू करने का एजेंडा तैयार करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही बिहार सरकार महाराष्ट्र, यूपी और कर्नाटक जैसे राज्यों से गन्ना उद्योग के संबंध में जानकारी लेगी। बैठक में तय हुआ कि चीनी मिलों में पावर परचेज एगग्रीमेंट के मामलों का निपटारा मुख्य सचिव के स्तर पर ही किया जाएगा।
बिहार में सरकार ने नए चीनी मिल खोलने और पुरानी बंद पड़ी यूनिट को चालू करने को लेकर नयी कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री के. सेंथिल कुमार ने 14 जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर रिपोर्ट तलब किया है। पत्र में एक सप्ताह के भीतर भूमि चयन कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है ताकि, चीनी मिल लगाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
चीनी मिल चुनावी मुद्दा
बिहार में नौकरी और रोजगार 2025 के विधानसभा चुनाव समेत सामान्य राजनीति का बड़ा मुद्दा है। एनडीए ने चुनावी घोषणा पत्र में अगले पांच सालों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है जिसिका जिक्र सीएम नीतीश अक्सर करते रहते हैं। केंद्र और राज्य की सरकारें किसानों की आय को दो गुनी करने के लक्ष्य पर भी काम कर रही है। माना जा रहा है कि इसी दिशा में गन्ना उद्योग विभाग ने प्लान पर काम करना शुरू कर दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने की बैठक
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के साथ कृषि क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों के संबंध में एक बैठक की। इस बैठक में विशेष रूप से गयाजी जिले में कृषि एवं किसानों के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने स्पीकर को आश्वस्त किया कि गयाजी जिले में चल रही कृषि संबंधी योजनाओं के ससमय क्रियान्वयन को प्राथमिकता के साथ निष्पादित किया जायेगा। किसानों की सुविधा और आय बढ़ाने पर सरकार सक्रिय है।
- यह भी पढ़े…………….
- सारण में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दिया भरोसे का संदेश
- फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की एकमा में हुई शुरुआत
- बिहार फिल्म निर्माण और थिएटर की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा-मनोज वाजपेयी
- भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के माता पिता के पूर्णतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जन सैलाब

