सऊदी अरब में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 से ज़्यादा भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सऊदी अरब में सोमवार तड़के हुए एक दुखद सड़क हादसे में 40 से ज्यादा भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों के मारे जाने की आशंका है। सभी पीड़ित हैदराबाद के हैं। मल्लापल्ली के बाजार घाट के कम से कम 16 लोग उन लोगों में शामिल हैं जिनकी मौत हो गई। मक्का से मदीना जा रहे तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक यात्री बस भारतीय समयानुसार रात लगभग 1.30 बजे एक डीजल टैंकर से टकरा गई।
इन लोगों की हुई पहचान
बाज़ार घाट के मृतकों की पहचान रहीमुन्निसा, रहमत बी, शहनाज बेगम, गौसिया बेगम, कादिर मोहम्मद, मोहम्मद मौलाना, शोएब मोहम्मद, सोहेल मोहम्मद, मस्तान मोहम्मद, परवीन मोहम्मद, जकिया मोहम्मद, शौकत मोहम्मद, फरहीन मोहम्मद, जहीन मोहम्मद, मोहम्मद संजीव और मोहम्मद अली के रूप में हुई है।
मरने वालों में 20 महिलाएं और 11 बच्चे भी शामिल
स्थानीय सऊदी सूत्रों की शुरुआती रिपोर्टों में 40 से ज्याद लोगों के मारे जाने की बात कही गई थी, जबकि तेलंगाना हज समिति ने बाद में बताया कि 42 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर के समय उनमें से कई सो रहे थे। प्रारंभिक जानकारी से यह भी पता चलता है कि पीड़ितों में हैदराबाद की 20 महिलाएं और 11 बच्चे भी शामिल हैं।
सरकार ने इन 45 नामों की लिस्ट की जारी
इरफान अहमद, हुमेरा नाजनीन, सबिहा सुल्ताना, अहमद हमदान, अहमद इजान, शेख नसीरुद्दीन, फातिमा उमैजा, मरियम फातिमा, शेख जान उद्दीन, फातिमा महरिश, शाजान अहमद मोहम्मद, रिदा ताजीन, शेख उजैरुद्दीन, अख्तर बेगम, अनीस फातिमा, अमीना बेगम, सारा बेगम, खान सलीम, शबाना बेगम, सैयद हुजैफा जाफर, रिजवाना बेगम, शेख सलाउद्दीन, फराना सुल्ताना, तस्मिया तहरीन, सुल्ताना सना,
मोहम्मद अब्दुल खादीर, गौसिया बेगम, बेगम शनाज, मोहम्मद अली, रहमतेब, रहीम उन्नीसा, उर रहमान मोहम्मद शोएब, रईस बेगम, बेगम शाहजहां, अल अमौदी सारा महमूद, मोहम्मद मंजूर, जहीन बेगम, फरहीन बेगम, बेगम शौकत, बेगम जकिया, परवीन बेगम, मोहम्मद मस्तान, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद मौलाना, अब्दुल गनी अहमद सहीर शिरहट्टी।
हैदराबाद पुलिस के मुताबिक 9 नवंबर को 54 लोग हैदराबाद से सऊदी गए थे। वे 23 नवंबर को वापस आने वाले थे। इनमें से 4 लोग रविवार को कार से अलग से मदीना गए थे। वहीं 4 लोग मक्का में रुक गए थे। दुर्घटना वाली बस में 46 लोग सवार थे।
तेलंगाना सरकार ने कहा है कि वह रियाद में भारतीय दूतावास के संपर्क में है। राज्य सरकार की ओर से मारे गए लोगों को 5-5 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया गया है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दूतावास से नजदीकी तालमेल बनाकर पीड़ितों की पहचान और अन्य औपचारिकताओं में मदद करें।
उमरा क्या है?
उमरा को साल के किसी भी दिन किया जा सकता है और इसके लिए कोई खास तारीख नहीं होती। उमरा फर्ज नहीं है, बल्कि मक्का-मदीना की तीर्थयात्रा का एक छोटा रूप है, जिसे कोई भी मुसलमान कभी भी, जितनी बार चाहे कर सकता है।
हज करने के लिए खास इस्लामी तारीखें होती हैं (इस्लामी कैलेंडर के जिलहिज्जा महीने की 8 से 12 तारीख के बीच)। उमरा कभी भी किया जा सकता है।
PM मोदी बोले- पीड़ितों को हरसंभव मदद दे रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सऊदी बस दुर्घटना पर दुख जताया। एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि रियाद में वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने X पर कहा, ‘मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हमारे अधिकारी सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।’

