सीवान के लाल डॉक्टर अतुल सहाय श्रीलंका में विश्व बैंक परियोजना में जलवायु परिवर्तन विशेषज्ञ सलाहकार नियुक्त
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क
प्रख्यात मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सहाय श्रीलंका के 150 वर्षों के मौसम संबंधी आंकड़ों के डिजिटलीकरण और अभिलेखीय प्रक्रिया का कर रहे मूल्यांकन और डिजाइन भी
डॉक्टर अतुल सहाय श्रीलंका के कोलंबो में क्षेत्रीय स्तर की चरम स्थितियों के पूर्वानुमान में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित मौसम और जलवायु मॉडल की संभावना विषय पर दिया व्याख्यान
डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की धरती मेधा की धरती रही है। यहां की प्रतिभाओं ने समय समय पर अपनी उपलब्धियों से सिवान को गौरव का अहसास दिलाया है। इसी क्रम में सिवान के लाल प्रख्यात मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सहाय ने एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें एशियाई आपदा तैयारी केंद्र ने श्रीलंका के मौसम विज्ञान विभाग के आधुनिकीकरण पर विश्व बैंक की एक परियोजना के लिए जलवायु पूर्वानुमान/ जलवायु सेवाएं और जलवायु परिवर्तन विशेषज्ञ सलाहकार नियुक्त किया है।
मालूम हो कि डॉक्टर अतुल सहाय सिवान के बंगरा गांव के मूल निवासी और डी ए वी कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। डॉक्टर अतुल सहाय भारतीय मानसून मिशन के सलाहकार भी रह चुके हैं। डॉक्टर अतुल सहाय ने श्रीलंका के कोलंबो में क्षेत्रीय स्तर की चरम स्थितियों के पूर्वानुमान में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित मौसम और जलवायु मॉडल की संभावना विषय पर विगत दिवस व्याख्यान भी दिया है।
जिसमें उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग में हालिया विकास और सीमित संसाधनों वाले छोटे देशों को इन नए विकास से कैसे लाभान्वित किया जा सकता है इस बारे में श्रीलंका के मौसम विज्ञान विभाग को जागरूक और संवेदनशील करने का प्रयास किया।
डॉक्टर अतुल सहाय की नई नियुक्ति के तहत उनकी मुख्य भूमिका श्रीलंका में तट से लेकर ऊंचे पहाड़ों और आर्द्र से लेकर शुष्क क्षेत्रों तक विविध आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उप मौसमी, और मौसमी पूर्वानुमान तैयार करने की मौजूदा क्षमता की समीक्षा करना होगा।
साथ ही उन्हें CMIP 6 डाटा का उपयोग करके उच्च रेजोल्यूशन जलवायु परिवर्तन परिदृश्य तैयार करने की क्षमता का आकलन भी करना होगा। साथ ही इसे बेहतर बनाने के लिए उन्हें एक रोड मैप भी सुझाना होगा।
उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए शिक्षाविद् डॉक्टर गणेश दत्त पाठक ने कहा कि डॉक्टर अतुल सहाय की उपलब्धियां सिवान और बिहार को गौरांवित करती रही है।