Headlines

बगौरा–शेरही मार्ग पर सड़क हादसा, युवक की मौत से गांव में शोक।

बगौरा–शेरही मार्ग पर सड़क हादसा, युवक की मौत से गांव में शोक।

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार)।

सीवान जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगौरा–शेरही मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उस्ती गांव निवासी संजय प्रसाद के पुत्र अंशु कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में की गई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंशु कुमार बाइक से बगौरा बाजार खरीदारी करने गया था। खरीदारी के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बगौरा–शेरही मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंशु गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अंशु के घर बुधवार को उसकी दादी का श्राद्ध कर्म संपन्न हुआ था, जबकि गुरुवार को भतवान का कार्यक्रम था। इसी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर अंशु बाजार से आवश्यक सामान खरीदने गया था। लेकिन घर लौटते समय यह दुखद हादसा हो गया, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और लोगों की भारी भीड़ लग गई।

सूचना मिलने पर दारौंदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!