एम्स में भर्ती आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के सेहत मे सुधार के लिए बिहार में पूजा-पाठ का दौर शुरू

एम्स में भर्ती आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के सेहत मे सुधार के लिए बिहार में पूजा-पाठ का दौर शुरू

श्रीनारद मीडिया,स्टेट डेस्क

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का दिल्ली स्थित एम्स में इलाज चल रहा है। इस बीच बिहार में उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया है। लालू के समर्थक और आरजेडी कार्यकर्ता जगह-जगह हवन और पूजा करके उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।

मुंगेर में गुरुवार को लालू प्रसाद के स्वास्थ्य लाभ के लिए आरजेडी कार्यकर्ताओं ने हवन पूजन किया। घोषी टोला स्थित काली मंदिर में कार्यकर्ताओं ने हवन पूजन कर लालू प्रसाद के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस मौके पर आरजे़ी नेता प्रमोद कुमार यादव, आदर्श कुमार, राजा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बेतिया के मैनाटांड़ प्रखंड में भी लालू यादव के स्वास्थ्य में सुधार के लिए बस्था में प्रार्थना सभा आयोजित की गई। युवा आरजेडी के प्रदेश सचिव रितेश यादव की अगुवाई में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें कई लोगों ने भाग लिया। सभी ने भगवान से आरजेडी सुप्रीमो के स्वास्थ्य में सुधार की प्रार्थना की।

रितेश यादव ने कहा कि गरीबों के मसीहा लालू प्रसाद यादव जी का अभी स्वास्थ्य खराब चल रहा है। पटना से उन्हें दिल्ली बेहतर इलाज के लिए ले जाया गया है। भगवान उन्हें लंबी उम्र दें। आरजेडी सुप्रीमो गरीबों की आवाज हैं। उन्होंने शोषित वंचित को आवाज दी है।

बता दें कि लालू प्रसाद यादव पिछले दिनों पटना स्थित राबड़ी देवी के आवास पर सीढ़ियों से गिर गए थे। उनकी तबीयत खराब होने के बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद बुधवार रात उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां एम्स के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगर लालू यादव की सेहत में सुधार नहीं आया तो उन्हें विदेश ले जाया जा सकता है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!