दरौंदा बीआरसी परिसर में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का हुआ आयोजन।
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार)।
सिवान जिला के दरौंदा प्रखंड स्थित बीआरसी के प्रांगण में शुक्रवार को जिविका ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह, बीडीओ सिम्पी कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण युवक-युवतियां, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं जिविका से जुड़ी दीदियां उपस्थित रहीं।

उद्घाटन सत्र में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए विधयाक कर्णजीत सिंह ने कहा कि यह मेला ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मेले के माध्यम से युवाओं को विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों, स्वरोजगार के अवसरों तथा निजी कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी दी गई। जिविका के अधिकारियों ने युवाओं को बताया कि कैसे प्रशिक्षण प्राप्त कर वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं और अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं।

मेले में विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे, जहां कौशल विकास से संबंधित संस्थानों, रोजगार प्रदाताओं एवं विभागीय प्रतिनिधियों ने युवाओं को विस्तार से जानकारी दी। कई युवाओं ने मौके पर ही पंजीकरण कर रोजगार और प्रशिक्षण के लिए आवेदन भी किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं में गहरी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बीईओ सौरभ सुमन, प्रखण्ड प्रमुख प्रतिनिधि उमेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष बब्लू सिंह, उमाशंकर सिंह, भाजपा जिला महामंत्री हरेंद्र कुशवाहा, डीपीएम कृष्ण कुमार गुप्ता, मुखिया रामकृष्ण सिंह व बीपीएम अमृत प्रीतम ने सम्बोधित किया।

