ब्रजकिशोर बाबू की 150वीं जयंती गरिमामई अंदाज में मनाई जाय
श्रीनगर के बीके डी ए वी पब्लिक स्कूल में महान स्वतंत्रता सेनानी ब्रजकिशोर प्रसाद की जयंती समारोह में स्थानीय प्रबुद्धजनों ने उठाई मांग।
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ब्रजकिशोर बाबू के साथ भारतीय इतिहास लेखन परंपरा ने न्याय नहीं किया। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान के बावजूद वे गुमनामी के ही शिकार रहे। उनकी 149वीं जयंती पर एक भी राजनीतिक या प्रशासनिक व्यक्तित्व, उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने नहीं पहुंचा । यह तथ्य व्यथित और विचलित करती है। लेकिन हम सभी को प्रयास करना चाहिए कि ब्रजकिशोर प्रसाद की 150वीं जयंती गरिमामई अंदाज में मने। ये बातें बुधवार को श्रीनगर के बी के डी ए वी पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित महान स्वतंत्रता सेनानी ब्रजकिशोर प्रसाद जयंती समारोह में स्थानीय प्रबुद्धजनों ने कहीं। समारोह में ब्रजकिशोर नव निर्माण संस्थान के सचिव सुनील सिन्हा, शिक्षाविद् डॉक्टर गणेश दत्त पाठक, शिक्षाविद् डॉक्टर अमित कुमार मुन्नू , शैलेश सिन्हा आदि प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
परंपरानुसार बुधवार को ब्रजकिशोर बाबू की 149 वीं जयंती पर बी के डी ए वी पब्लिक स्कूल के परिसर में हवन पूजन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। विद्यालय के प्रभारी श्री संजय मिश्रा के नेतृत्व में ब्रजकिशोर बाबू के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया। निकट स्थित उनकी प्रतिमा पर भी आगत अतिथियों ने माल्यार्पण किया। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में स्थानीय प्रबुद्धजनों ने अपनी बात रखी। शिक्षाविद् डॉक्टर गणेश दत्त पाठक ने कहा कि नई पीढ़ी को ब्रजकिशोर बाबू के जीवन मूल्यों के बारे में बताना आवश्यक है। चंपारण आंदोलन के लिए गांधी जी को बुलाने में उनकी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिहार में महिलाओं में राजनीतिक चेतना के जागरण में भी उन्होंने अहम योगदान दिया।
शिक्षाविद् डॉक्टर अमित कुमार मुन्नू ने कहा कि ब्रजकिशोर बाबू की जयंती पर औपचारिक आयोजन के बजाय ऐसे आयोजन होने चाहिए जिसमें ब्रजकिशोर बाबू के राष्ट्रीय आंदोलन में योगदान पर गंभीर विद्वत चिंतन होने चाहिए। श्रीनगर में एक ब्रजकिशोर सामाजिक शोध संस्थान की स्थापना हो।
ब्रजकिशोर नव निर्माण शोध संस्थान के सचिव सुनील सिन्हा ने कहा कि ब्रजकिशोर बाबू के उच्च जीवन मूल्यों के बारे में बच्चे जाने और समझें। उन्होंने बच्चों को ब्रजकिशोर बाबू के जीवन के बारे में बताने के लिए एक आलेख के पर्चे भी बांटे।
ब्रजकिशोर बाबू की जयंती पर बी के डी ए वी के बच्चों ने भी अपनी बातें रखी। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के बीच निबंध लेखन प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग स्पर्धा का आयोजन भी किया गया था। जिसके प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रभारी प्रधानाचार्य श्री संजय मिश्रा ने आभार ज्ञापन किया। इस अवसर पर बी के डी ए वी पब्लिक स्कूल के शिक्षकगण के साथ स्कूल के बच्चे भी उपस्थित रहे ।
बुधवार की संध्या में ब्रजकिशोर बाबू की प्रतिमा के पास स्थानीय लोगों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सुनील सिन्हा, डॉक्टर गणेश दत्त पाठक, डॉक्टर रविकांत सिंह, सुयश पाठक, तेजस कुमार, ओम कुमार आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़े
बेखौफ बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक फेरीवाले को गोली मार, घायल
मंत्री मंगल पांडेय द्वारा सिवान विधानसभा क्षेत्र में दही-चूड़ा भोज का आयोजन आज
ढाई दर्जन मामलों के वारंटी को चैनपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
डीआइजी की फोटो का सोशल मीडिया पर दुरुपयोग, संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
Raghunathpur: रॉयल विद्या सदन में विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ सफल समापन

