थाने से महज 50 मीटर दूर दुकान में चोरी, अमनौर पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल..
अमनौर थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित दुकान में चोरी
श्रीनारद मीडिया, पंकज मिश्रा, अमनौर, सारण (बिहार):

सारण जिला के अमनौर थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर तथा अमनौर प्रखंड मुख्यालय के ठीक सामने स्थित शुभलक्ष्मी इंटरप्राइजेज नामक दुकान में अज्ञात चोरों ने रात में चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। थाना के इतने नजदीक हुई इस वारदात से अमनौर पुलिस की सतर्कता और रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार चोर दुकान के पीछे के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुस गए और दुकान में रखे बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक, दूध सहित अन्य खाने-पीने के सामान के साथ गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद भी चोरी कर फरार हो गए। चोरी के बाद चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर अपने साथ ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के ठीक सामने अमनौर प्रखंड मुख्यालय का गेट है, जहां अक्सर डायल 112 की पुलिस गाड़ी खड़ी रहती है। इसके बावजूद चोरों द्वारा बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम देना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है।
इस मामले में दुकानदार सोनू कुमार, पिता नागेंद्र सिंह, निवासी बलहा गांव ने अमनौर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस की गश्ती व्यवस्था मजबूत होती तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़े
छत पर बने कमरे में सो रही 55 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या
रघुनाथपुर : भाकपा माले का विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर एक दिवसीय धारणा
