TMC के 20 सांसदों का NDA को समर्थन
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

तृणमूल कांग्रेस में राजनीतिक संकट आज सोमवार को और गहरा गया, जब पार्टी की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि TMC के लगभग 20 सांसदों ने NDA का समर्थन करने का फैसला किया है। काकोली घोष ने बताया कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को इस बारे में जानकारी दे दी गई है। मौजूदा समय में TMC के लोकसभा में 28 और राज्यसभा में 12 सांसद हैं।
NDA में शामिल होंगे TMC के 20 सांसद
काकोली घोष दस्तीदार ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि केंद्र में सत्ताधारी गठबंधन का समर्थन करने की इच्छा बताते हुए स्पीकर को पहले ही एक पत्र भेजा जा चुका है।
काकोली घोष ने कहा, ‘मेरे समेत TMC के लगभग 20 सांसदों ने NDA का समर्थन करने के अपने फैसले के बारे में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा है।’ काकोली घोष दस्तीदार लोकसभा में TMC की मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यह फैसला साथी सांसदों के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।
ममता बनर्जी की TMC में अंदरूनी संकट
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी तृणमूल कांग्रेस के अंदर लगातार अंदरूनी संकट बढ़ता जा रहा है। पार्टी से कई नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है और अब एक साथ 20 सांसदों ने TMC का साथ छोड़कर NDA को समर्थन देने का फैसला किया है।
घोष दस्तीदार ने कहा कि NDA के साथ जुड़ने के फैसला पर तर्क देते हुए बताया कि यह जनादेश को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘हमने जनता के फैसले को स्वीकार कर लिया है और हमारा मानना है कि हमारी भविष्य की राजनीतिक दिशा NDA के अनुरूप होनी चाहिए।’ ममता बनर्जी या TMC नेतृत्व की तरफ से अभी तक इन दावों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
टीएमसी सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी के संकटपूर्ण दौर में अपनी नेता ममता बनर्जी के प्रति पूरी निष्ठा जताई है। पीटीआई के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस कठिन समय में ममता बनर्जी और टीएमसी को छोड़कर कहीं नहीं जाने वाले हैं। इसके साथ ही पीएम मोदी को कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर बधाई दी है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मुश्किल समय में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी हमेशा मेरे साथ खड़ी रहीं। अब यह मेरा कर्तव्य है कि मैं ममता बनर्जी और टीएमसी के साथ मजबूती से खड़ा रहूं। मैं उन्हें इस मुश्किल दौर में अकेला नहीं छोड़ूंगा।
बागी गुट में शामिल होने का मिला था न्योता
पार्टी में मचे अंदरूनी घमासान के बीच शत्रुघ्न सिन्हा ने खुलासा किया कि उन्हें भी टीएमसी के बागी गुट में शामिल होने का प्रस्ताव मिला था। उन्होंने कहा, “मैं उन लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे टीएमसी के बागी गुट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन मेरा सैद्धांतिक रुख यही है कि मुझे इस समय ममता बनर्जी के साथ खड़े रहना चाहिए।”
ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए सिन्हा ने आगे कहा कि ममता बनर्जी एक स्ट्रीट फाइटर हैं। उनके पास अब भी 41 प्रतिशत वोट शेयर की ताकत है।
पीएम मोदी को कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर दी बधाई
एक तरफ जहां शत्रुघ्न सिन्हा ने टीएमसी और ममता बनर्जी के प्रति अपनी वफादारी दोहराई, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कार्यालय में 12 साल पूरे करने पर बधाई भी दी। सिन्हा ने पीएम मोदी को देश का मित्र और मार्गदर्शक बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री को इस ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंचने के लिए बधाई दी और इसे देश के इतिहास में सबसे लंबे कार्यकालों में से एक बताया। “एक सच्चे स्पोर्ट्समैन स्पिरिट के साथ, हमारे मित्र और राष्ट्र के मार्गदर्शक माननीय प्रधानमंत्री @narendramodi को कार्यालय में 12 वर्ष पूरे करने पर शुभकामनाएं, जो शायद अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल है। आपके आगामी जीवन में दीर्घायु, स्वस्थ और समृद्ध होने की कामना करता हूं। जय हिंद!”
टीएमसी नेता का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के नेता प्रधानमंत्री मोदी के लगातार कार्यकाल के 12 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इसके साथ ही पीएम मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक रूप से चुने गए भारत के प्रधानमंत्री बन गए हैं।
