Headlines

बिहार में ढाई लाख घरों पर लगेंगे सोलर पैनल

बिहार में ढाई लाख घरों पर लगेंगे सोलर पैनल

सभी 38 जिलों के 58 लाख BPL परिवारों को मिलेगा लाभ

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मूल मंत्र गरीबों को सस्ती सुलभ और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को सोलर युक्त करने का निर्णय लिया. उस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. जिन उपभोक्ताओं के घर के छत पर लगे सोलर पैनल से 125 यूनिट से ज्यादा बिजली का उत्पादन होगा उनसे राज्य सरकार बिजली खरीदकर उन्हें आर्थिक रूप से सबल बनायेगी.

ऊर्जा विभाग को ऐसी ऑटोमेटिक व्यवस्था खड़ी करनी चाहिए ताकि जरूरत से ज्यादा बिजली का उत्पादन होने पर उसे लिया जा सके. उसके एवज में उपभोक्ता के खाते में राशि स्वतः चली जाये. बिजली की बचत के प्रति भी हमें सजग रहने की आवश्यकता है.

सीएम ने लाभार्थियों से संवाद किया

मुख्यमंत्री ने यह बातें रविवार को विद्युत भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहीं. वे पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्रों को लगाने की योजना का शुभारंभ कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुंगेर, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और नालंदा जिले के पीएम सूर्य घर बिजली योजना के लाभार्थियों से संवाद किया. इसके बाद उन्होंने 1278 करोड़ रुपये की लागत से ऊर्जा प्रक्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का कार्यारंभ, उद्घाटन और लोकार्पण किया.

ढाई लाख परिवारों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल 20 नवंबर 2026 को पूरा होगा. उस समय तक ढाई लाख परिवारों के घरों के छत पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य पूरा करें. अगले 31 मार्च तक केंद्र सरकार ने 4,82,000 घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा है. ऐसी व्यवस्था खड़ी करें कि सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल 20 नवंबर 2027 को पूरा होने तक बिहार के 25 लाख परिवारों के घरों तक मुफ्त बिजली का लाभ उपलब्ध कराया जा सके.

बिहार में गरीब और वंचित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रीन एनर्जी से जोड़ने के लिए राज्य सरकार अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है. राज्य के सभी 38 जिलों में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का दायरा बढ़ाते हुए अब 58 लाख बीपीएल (BPL) परिवारों को इसके दायरे में लाया गया है. कल यानी 14 जून से इस योजना की शुरुआत हो रही हैं, इसकी शुरुआत बिहारी के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. बिहार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने बताया कि ऊर्जा विभाग द्वारा बिहार में पहले चरण में कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए पूर्णतः निःशुल्क पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत समर्पित सौर ऊर्जा संयंत्रों के अधिष्ठापन का कार्यारंभ किया जा रहा है. साथ ही ऊर्जा प्रक्षेत्र से जुड़ी 1278 करोड़ की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास एवं शुभारंभ भी किया जाएगा.

बिजली विभाग के एमडी राहुल कुमार ने दी विस्तृत जानकारी

राज्य बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक (MD) राहुल कुमार ने इस महा-अभियान के रोडमैप की जानकारी देते हुए बताया कि बिहार में वर्तमान में कुल 58 लाख बीपीएल परिवार हैं, जो बिजली विभाग की ‘कुटीर ज्योति योजना’ के तहत मुफ्त या रियायती बिजली का लाभ पा रहे हैं. अब सरकार इन सभी 58 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों को ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना’ से जोड़ने जा रही है. अगले मात्र 5 महीनों के भीतर राज्य के 2.5 लाख चिन्हित घरों की छतों पर मुफ्त सोलर प्लांट लगा दिए जाएंगे.

बिहार में फ्री सोलर पैनल कैसे लगेगा?

100% मुफ्त- इस योजना के तहत लाभार्थियों को अपनी जेब से 1 रुपया भी खर्च नहीं करना होगा. सोलर प्लांट लगाने की पूरी लागत केंद्र सरकार की सब्सिडी और राज्य सरकार के विशेष अनुदान (Top-up Grant) से पूरी की जाएगी. एक प्लांट लगाने में इसका जो लगभग खर्च होगा उसकी सब्सिडी राशि 43 हजार बिहार सरकार और 33 हजार केंद्र सरकार दे रही है, इससे गरीब उपभोक्ता परिवारों पर जीरो खर्च का लोड पड़ेगा.

1.1 kVA का सोलर प्लांट- प्रत्येक गरीब परिवार के घर की छत पर 1.1 kVA (किलोवोल्ट-एम्पियर) क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम इंस्टॉल किया जाएगा. इस सिस्टम से हर महीने औसतन 120 से 125 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा. इन परिवारों की मासिक खपत अमूमन इतनी ही होती है, इसलिए नेट मीटरिंग के जरिए इनका बिजली बिल पूरी तरह से जीरो (Zero) हो जाएगा.

Leave a Reply

error: Content is protected !!