सीवान: जामो में पिता की लाश देखने पहुंची बेटी की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):
सीवान जामो बाजार थाना क्षेत्र के बरहोगा बढ़ई टोला गांव में रविवार को दो दिनों से लापता एक अधेड़ व्यक्ति की लाश पोखरे से बरामद हुई. इसके बाद पिता की लाश देखने पहुंची बेटी की भी हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई. कुछ ही पलों में एक परिवार ने पिता और बेटी दोनों को खो दिया. मृतक की पहचान बरहोगा बढ़ई टोला निवासी स्वर्गीय महंथ सिंह के पुत्र राजकिशोर सिंह के रूप में हुई है.
वहीं उनकी पुत्री शशि माला की भी इस हादसे में जान चली गई. परिजनों के अनुसार, राजकिशोर सिंह 12 जून की दोपहर खेत की ओर जाने की बात कहकर घर से निकले थे.उसी दिन आसपास की जमीन की नापी भी होनी थी, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला.
रविवार को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पोखरे में एक शव मिलने की सूचना मिली. बेटे नवल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने पिता के रूप में की. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इसी बीच, पिता की मौत की खबर सुनकर पुत्री शशि माला भी पोखरे के पास पहुंची.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह वहां मौजूद हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
यह भी पढ़े
सीवान में 11 हजार वोल्ट के तार टूटने से छह लोग झुलसे
चिरांद के बंगाली बाबा घाट पर 29 जून को सजेगा आस्था का महाकुंभ, दिखेगी काशी-हरिद्वार की झलक
