Headlines

दारौंदा अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, 21 मामलों में 15 का मौके पर हुआ त्वरित निष्पादन

दारौंदा अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, 21 मामलों में 15 का मौके पर हुआ त्वरित निष्पादन

श्रीनारद मीडिय, दारौंदा सीवान (बिहार)।

सीवन जिला के दारौंदा प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर अंचल कार्यालय पहुंचे। अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों की समीक्षा की।
जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, परिमार्जन, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ सुना गया। अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने जानकारी देते हुए बताया कि जनता दरबार में कुल 21 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 15 मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान कर दिया गया। वहीं, शेष मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं हो सका, उनका भी निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरल, पारदर्शी और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।
जनता दरबार के दौरान कई फरियादियों ने अपनी समस्याओं का तत्काल समाधान होने पर संतोष व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि इस तरह के आयोजनों से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव हो पाता है।

कार्यक्रम के दौरान राजस्व अधिकारी रवींद्र राम, अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला, डीईओ ब्रजेश कुमार सहित अंचल कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ शिकायतों की सुनवाई एवं समाधान की प्रक्रिया को तेज और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया।

अंचलाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निर्धारित समय सीमा के अंदर किया जाए, ताकि किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

error: Content is protected !!