
अभियान बसेरा-2 के तहत सात भूमिहीन परिवारों को मिला जमीन का अधिकार, अंचल कार्यालय में बांटा गया बंदोबस्ती पर्चा
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवान (बिहार)।
सीवन जिले के दारौंदा प्रखंड अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित बिहार सरकार के अभियान बसेरा-2 कार्यक्रम के दौरान सात भूमिहीन परिवारों के बीच भूमि बंदोबस्ती का पर्चा वितरित किया गया।
अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा सौंपते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को भूमि का स्वामित्व प्रदान कर उन्हें स्थायी आवास की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मान और सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर सकें।
इस दौरान सिरसाव पंचायत की रूनी देवी, शालू देवी और बेबी देवी, जबकि करसौत पंचायत की रामझरी देवी, मैना देवी, लालमती देवी और उमा देवी को भूमि बंदोबस्ती पर्चा प्रदान किया गया। पर्चा मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में अंचल नाजिर अमित कुमार, राजस्व कर्मचारी अमरेंद्र सिंह, बड़ा बाबू नितिन रजत, डीईओ बृजेश राज, विकास सिंह, धनू जौहान, अंचल अमीन शैलेश कुमार, परिचारी द्वारिका राम, बीडीसी प्रतिनिधि मुरारी सिंह, नंद किशोर प्रसाद सहित कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने लाभुकों को भूमि से जुड़े उनके अधिकारों की जानकारी दी और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वर्षों से अपने आशियाने के सपने को साकार करने की उम्मीद लगाए भूमिहीन परिवारों के लिए यह बंदोबस्ती पर्चा नई उम्मीद और सुरक्षित भविष्य की शुरुआत माना जा रहा है।
