विपक्ष की महिला सांसद करने वाली थीं पीएम मोदी का घेराव,क्यों?
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क
4 फरवरी को लोकसभा में कांग्रेस की महिला सांसद इकट्ठी होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का घेराव करने वाली थीं। केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही का एक वीडियो जारी किया है।
एक्स पर फुटेज शेयर करते हुए रिजिजू ने दावा किया कि वीडियो में कांग्रेस की महिला सांसद बैनर और प्लेकार्ड पकड़े हुए, ट्रेजरी बेंच पर जाते हुए और प्रधानमंत्री की सीट को घेरे हुए हैं।
‘…तो बहुत बुरा सीन हो जाता’
रिजिजू ने एक्स पर लिखा, “कांग्रेस पार्टी को अपने सांसदों के सबसे घटिया बर्ताव पर गर्व है! अगर हमने सभी भाजपा सांसदों को नहीं रोका होता और महिला सांसदों को कांग्रेस सांसदों से भिड़ने नहीं बचाया होता तो बहुत बुरा सीन हो जाता। संसद में इज्जत और पवित्रता की रक्षा करना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया, “हमें अपने भाजपा- एनडीए सांसदों को कंट्रोल करना पड़ा। कांग्रेस सांसदों के इस बर्ताव से भाजपा की महिला सांसद बहुत गुस्सा हो गईं। हमने अपने सांसदों को हाथापाई करने से रोका। फिर ये सांसद स्पीकर के चैंबर में गए और स्पीकर को धमकाया। भाजपा की महिला सांसदों ने शिकायत दर्ज कराई है। देखते हैं स्पीकर क्या एक्शन लेते हैं और आगे क्या कदम उठाते हैं।”
यह विवाद 4 फरवरी का है, जब प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रपति के भाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देना था। लेकिन, स्पीकर बिरला के यह कहने के बाद कि उन्हें “पक्की जानकारी” मिली है कि कुछ कांग्रेस सांसद कार्यवाही में रुकावट डालने की कोशिश कर सकते हैं, भाषण कैंसिल कर दिया गया।
कांग्रेस ने किया पलटवार
वीडियो पर रिएक्शन देते हुए कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इन आरोपों को खारिज किया और सवाल किया कि क्या “बैनर पकड़ने” में कुछ गलत है। उन्होंने कहा, “क्या उस दिन किरेन रिजिजू हाउस में मौजूद नहीं थे? वीडियो में नया क्या है? क्या उन्होंने पहले ही वीडियो नहीं देखा? हम पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। हम किसी पर हमला करने नहीं गए थे, हम तो बस एक बैनर पकड़े हुए थे।”
इन दावों को खारिज करते हुए, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री सदन में इसलिए नहीं आए क्योंकि वह “बोलने से बहुत डरे हुए थे।” यह मामला मंगलवार को और बढ़ गया जब भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर को चिट्ठी लिखकर बिरला का समर्थन किया और विपक्षी सदस्यों पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया।
संसद के बजट सत्र के दौरान विपक्ष के सांसदों जमकर बवाल देखने को मिल रहा है। इस बीच भाजपा की महिला सांसदों ने विपक्ष के सांसदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बाबत इन लोगों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक चिट्ठी भी लिखी है।
भाजपा की महिला सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक पत्र लिखकर उनसे अपील की है कि वे उन विपक्षी सांसदों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई करें, जिन्होंने सदन परिसर में घिनौने काम किए हैं और हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों को बदनाम किया है।

