
दारौंदा मॉडल स्कूल में पौधारोपण, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवान (बिहार)।
सीवन जिला के दारौंदा प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल सह उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ हुई।
इस दौरान विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वर्षा, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सौंपी गई, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यालय की ओर से भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित हो सके।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस पौधारोपण कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
