ट्रेन के चपेट में आने से करीब 70 वर्षीय एक महिला की मौत
श्रीनारद मीडिया, मांझी, सारण (बिहार):

छपरा-सिवान रेलखंड पर बनवार के समीप शुक्रवार को अप ट्रैक पर ट्रेन के चपेट में आने से करीब 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते हीं स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि ध्रुवदेव गुप्ता समेत कई लोग पहुंचे और देखते हीं देखते घटना स्थल पर भीड़ जमा हो गई। उसके बाद घटना की जानकारी दाउदपुर पुलिस व आरपीएफ को दी गई। कुछ समय बाद हीं पुलिस एवं आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच-पड़ताल की।
पूछताछ में मृतका की पहचान बलेसरा गांव निवासी स्व. भिखारी मांझी की पत्नी सुंदरी कुंवर के रूप में हुई। उधर घटना की जानकारी मिलते हीं मृतका के परिजन भी आनन-फानन में घटना-स्थल पर पहुंच गए और क्षत-विक्षत शव को देखकर बिलख पड़े। परिजनों के अनुरोध पर आरपीएफ ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। बताया जाता है कि सुंदरी कुंवर सरसो लेकर पेरवाने के लिए लिए बनवार गई थी। वह रेलवे लाइन को पार कर रही थी, तभी हादसे का शिकार हो गई।
बाद में बलेसरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ओमप्रकाश कुशवाहा, सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार राय, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मंजय कुमार, विकास मित्र डॉ. हरेंद्र राम मृतक के परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी। घटना के बाद से मृतका के परिवार में मातम छा गया है। इकलौते पुत्र संजय मांझी बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं। मृतका की बहू कमलावती देवी, पोता रंजन कुमार व पोती अंशु कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़े
पचरुखी थाना के नव-निर्मित भवन का डीएम एसपी ने किया निरीक्षण
10 लाख घूस मांगने वाली CDPO 50 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, 4 लाख कैश घर से बरामद
