Headlines

पीएम मोदी ने तमिलनाडु-पुडुचेरी को दी सौगात

पीएम मोदी ने तमिलनाडु-पुडुचेरी को दी सौगात

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तमिलनाडु और पुडुचेरी दौरा कई मायनों में खास है, इस दौरे के दौरान पीएम ने हेल्थकेयर, विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और विपक्ष पर खुलकर बात रखी। साथ ही उन्होंने दोनों राज्यों को करोड़ों की सौगातें भी दी। उनका संबोधन सिर्फ सौगातों और योजनाओं से भरा हुआ नहीं था, बल्कि कांग्रेस और डीएमके के लिए कड़ा संदेश भी था।

प्रधानमंत्री ने आज तमिलनाडु में 4,400 करोड़ रूपये की परियोजनओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी। पीएम मोदी ने 3 नए आकाशवाणी एफएम का उद्घाटन करने के साथ 8 रिडेवलप रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया, इसके अलावा पीएम मोदी ने प्रमुख एनएच मार्गों के मराक्कनम-पुडुचेरी, परमकुडी-रामनाथपुरम खंडों को 4-लेन बनाने की आधारशिला रखी।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

मदुरै में परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया और कहा कि तमिलनाडु राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में निर्षायक भूमिका निभाएगा। हमारा सामूहिक लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है। पीएम मोदी के संबोधन से यह साफ हो गया कि पीएम मोदी और भाजपा सरकार तमिलनाडु को विकसित करने की राह पर आगे बढ़ चुकी है। तमिलनाडु के बाद पीएम मोदी पुडुचेरी पहुंचे।

पुडुचेरी बनेगा मेडिकल टूरिज्म हब

पुडुचेरी दौरे के दौरान पीएम मोदी ने भरोसा जताया और कहा कि पुडुचेरी देश का बड़ा मेडिकल टूरिज्म हब बन सकता है, यहां पहले से नौ मेडिकल कॉलेज हैं। जिपमर के रीजनल कैंसर सेंटर के आधुनिकीकरण और पीएम-आभिम के तहत तीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स की आधारशिला रखी गई।

पीएम ने आगे कहा कि आयुष्मान भारत योजना से लाखों परिवारों को फायदा मिल रहा है और कोशिश है कि इलाज के लिए पुडुचेरी के लोगों को बाहर न जाना पड़े, बल्कि दूसरे राज्यों से लोग यहां इलाज कराने आएं।

कांग्रेस और डीएमके पर जमकर बरसे मोदी

कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को पुडुचेरी ने एटीएम बना रखा था और वो भी दिल्ली में बैठे एक परिवार के लिए।इसी संबोधन में उन्होंने डीएमके को भी लपेटा और कहा कि जब डीएमके की बात आती है, तो आप तमिलनाडु में भी हो रहे घोटालों की लंबी सूची देख सकते हैं। कांग्रेस और डीएमके पुडुचेरी की विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर बन गए थे, अब वही ताकतें फिर से सत्ता की भूखी हैं। क्या पुडुचेरी को भ्रष्टाचार और अपराध के उस दौर में वापस जाना चाहिए? मुझे यकीन है कि पुडुचेरी के लोग ऐसा नहीं चाहते।

पुडुचेरी और तमिलनाडु में कुछ ही महीनों में चुनाव होने हैं, ऐसे में पीएम मोदी ने सौगातों के जरिए अभी से माहौल बनाना शुरू कर दिया है। यह पीएम मोदी की कोशिश है की इस बार साउथ में भी भाजपा के प्रदर्शन को सुधारा जाए।

पीएम मोदी पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वहीं, तमिलनाडु में 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी पुडुचेरी में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, औद्योगिक प्रगति, शिक्षा, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा और सस्टेनेबल ग्रोथ को गति देने वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिनमें पीएम ई-बस सेवा के तहत ई-बसों का परिचालन, स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सिटी इन्वेस्टमेंट्स टू इनोवेट, इंटीग्रेट एंड सस्टेन (CITIIS) योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए निर्मित आवास शामिल हैं।

इसके साथ ही, वे पुडुचेरी सरकार की सीवरेज और जलापूर्ति क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। क्षेत्र में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में, वे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, कराईकल के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और गंगा हॉस्टल, जेआईपीएमईआर में क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के आधुनिकीकरण तथा पांडिचेरी विश्वविद्यालय के नए भवनों व छात्रावासों का भी लोकार्पण करेंगे।

पीएम मोदी राजस्थान और गुजरात के अपने प्रवास के पश्चात, कल शनिवार रात चेन्नई पहुंचे। आज दोपहर को वह मदुरै के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद, शाम लगभग 4:00 बजे, प्रधानमंत्री मदुरै के तिरुप्पारनकुंद्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।प्रधानमंत्री के दौरे में नए चार-लेन हाईवे का उद्घाटन शामिल है, जो मड़क्कणम-पुडुचेरी और परमाकुडी-रमनाथपुरम को जोड़ते हैं। इससे शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

केंद्र की अमृत भारत योजना के तहत, प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के आठ पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों, मोरप्पुर, बॉमिडी, श्रीविल्लीपुथुर, चोलावंदन, मनप्पराई, पोल्लाची जंक्शन, कराइकुडी जंक्शन और तिरुवरूर जंक्शन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इसके अलावा, कुंभकोनम, येरकौद और वेल्लोर में तीन नए ऑल इंडिया रेडियो एफएम रिले ट्रांसमीटर लॉन्च किए जाएंगे, ताकि तमिलनाडु में प्रसारण सेवाओं को मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

error: Content is protected !!