गैस वितरण के दौरान हिंसा, वेंडरों में दहशत; प्रशासन से सुरक्षा की मांग
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क
पटना: राजधानी पटना में गैस वितरण के दौरान हिंसा और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला पश्चिमी लोहानीपुर क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक गैस एजेंसी के वेंडर के साथ मारपीट कर उससे जबरन गैस सिलेंडर छीन लिए गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना लगातार दूसरे दिन हुई है, जिससे गैस वितरण कार्य से जुड़े कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया है। इससे पहले बोरिंग कैनाल रोड स्थित एक गैस एजेंसी के वेंडर के साथ भी इसी तरह की मारपीट की घटना सामने आई थी।
एजेंसी संचालकों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व वितरण के दौरान वेंडरों को निशाना बना रहे हैं। पश्चिमी लोहानीपुर की घटना में पहले मामूली विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने वेंडर के साथ मारपीट की और गैस सिलेंडर छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद एजेंसी संचालकों ने जिला प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन उनका कहना है कि अब तक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण गैस वितरण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। वेंडरों में डर के कारण समय पर आपूर्ति में बाधा आने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गैस वितरण से जुड़े कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कमर्शियल गैस के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, संख्या में बढ़ोतरी
इधर, कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार द्वारा लागू नई व्यवस्था का असर दिखने लगा है। आयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसीएस) में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किए जाने के बाद पंजीकरण कराने वालों की संख्या में तेजी आई है।
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार अब बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को इसके लिए संबंधित गैस एजेंसी या ओएमसीएस में पंजीकरण कराना होगा।
पारदर्शिता और कालाबाजारी पर रोक की उम्मीद
नई व्यवस्था के तहत कमर्शियल उपभोक्ताओं की पहचान स्पष्ट होगी, जिससे गैस वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी। इसके साथ ही कालाबाजारी और गैस के दुरुपयोग पर भी रोक लगेगी। पंजीकृत उपभोक्ताओं को नियमित और वैध तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
होटल-ढाबा संचालकों को निर्देश
प्रशासन ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज जमा कर अलग कमर्शियल कनेक्शन लेना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करेगा और उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यवसायियों को भी राहत प्रदान करेगा।
