कल महानवमी व्रत, सिद्धिदात्री देवी की होगी विशेष पूजा
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन(बिहार )।
सीवान जिला सहित दरौंदा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर महानवमी व्रत 27 मार्च, शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस दिन मां दुर्गा के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री देवी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महानवमी तिथि पर हवन-पूजन कर नवरात्रि का विधिवत समापन किया जाता है।
मंदिरों एवं घरों में श्रद्धालु सुबह से ही पूजा-पाठ की तैयारियों में जुट जाएंगे। विधि-विधान के साथ मां सिद्धिदात्री की आराधना कर भक्तगण सुख, समृद्धि और सिद्धियों की कामना करेंगे। इस दिन कन्या पूजन का भी विशेष महत्व है, जिसमें नौ कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया जाता है तथा उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद लिया जाता है।
पंडितों के अनुसार महानवमी के दिन हवन करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कई स्थानों पर दुर्गा सप्तशती के पाठ और भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
नवरात्रि के नौ दिनों तक व्रती श्रद्धालु उपवास रखकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं और महानवमी के दिन विधिवत पूजा के बाद व्रत का पारण करते हैं। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट की जाती है तथा श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
प्रशासन द्वारा भी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पूरे क्षेत्र में महानवमी को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।