जे आर कॉन्वेंट स्कूल में प्रेरणा सत्र में छात्रों को किया गया प्रोत्साहित
नए सत्र के आरम्भ पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में अतिथियों ने किया छात्रों का उत्साहवर्धन
श्रीनारद मीडिया, अमित पांडेय,दरौली, सीवान (बिहार):

सीवान जिला के दरौली प्रखंड के दोन स्थित जे आर कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार को नए सत्र के आरम्भ के अवसर पर एक विशेष प्रेरणा सत्र का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल के छात्र छात्राओं को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर अतिथि के तौर पर शिक्षाविद् डॉक्टर गणेश दत्त पाठक, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक सुजीत कुमार पटेल बतौर अतिथि उपस्थित रहे। आगत अतिथियों ने अपने अनुभव के आधार पर छात्रों को मार्गदर्शन दिया और बताया कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन, ध्यान केंद्रित कर शैक्षणिक क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
दोन के सुनीता विद्यानगरी स्थित जे आर कॉन्वेंट स्कूल में सत्रारंभ पर प्रेरणा सत्र का शुभारंभ आगत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय कुमार बिहारी पांडेय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्राचार्य श्री सी एस नायक और प्रबंधक अनीश पांडेय ने आगत अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि शिक्षाविद् डॉक्टर गणेश दत्त पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई का मूल उद्देश्य जीवन में आ रही चुनौतियों के सामना करने के लायक बनना है। इसलिए यह समझना आवश्यक है कि स्कूल के होम वर्क , परीक्षा आदि उन चुनौतियों के लायक बनने की प्रक्रिया ही है।
हालांकि आज मोबाइल और जंक फूड आदि के बारे में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। नियमित अध्ययन, एकाग्रता, अनुशासन से शैक्षणिक क्षेत्र में बड़ी सफलताओं को अर्जित किया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि बैंक प्रबंधक सुजीत कुमार पटेल ने अपने जिंदगी के अनुभव को छात्रों से साझा किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र अपनी संकल्प शक्ति के आधार पर इतिहास रच सकते हैं।
अमित सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मनीष कुमार पाठक ने किया। आभार ज्ञापन प्राचार्य सी एस नायक ने किया। सभी वर्ग के बच्चों को उनकी विशिष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और अभिभावक भारी संख्या में उपस्थित रहे।
