Headlines

बगौरा संस्कृत स्कूल में प्रोजेक्टर से पढ़ाई को लेकर बच्चों में उत्साह

बगौरा संस्कृत स्कूल में प्रोजेक्टर से पढ़ाई को लेकर बच्चों में उत्साह

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन,(बिहार )।

सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगौरा संस्कृत में बच्चों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय साह एवं शिक्षकों ने अपने निजी सहयोग से प्रोजेक्टर की व्यवस्था कर सोमवार से डिजिटल माध्यम से पठन-पाठन की शुरुआत की। इस पहल से विद्यालय के छात्र-छात्राओं में पढ़ाई के प्रति उत्साह और रुचि बढ़ी है।
डिजिटल पठन-पाठन का शुभारंभ विद्यालय परिसर में फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय साह के साथ शिक्षक रामबाबू प्रसाद, पूजा कुमारी एवं नसीमा खातून ने संयुक्त रूप से फीता काटकर डिजिटल शिक्षा व्यवस्था का उद्घाटन किया। इसके बाद बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से विभिन्न विषयों से संबंधित शैक्षणिक सामग्री दिखाकर पढ़ाया गया।
नई व्यवस्था के तहत अब कक्षा में बच्चों को केवल किताबों के माध्यम से ही नहीं, बल्कि चित्र, वीडियो, एनिमेशन और विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक प्रस्तुतियों के जरिए विषयों को सरल, सहज और रोचक ढंग से समझाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे बच्चों को कठिन विषयों को आसानी से समझने में मदद मिलेगी और उनकी सीखने की क्षमता भी बेहतर होगी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय साह ने बताया कि डिजिटल पढ़ाई शुरू करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बेहतर और आधुनिक सीखने का वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही डिजिटल माध्यम से जोड़ना जरूरी है।
विद्यालय में शुरू की गई इस अभिनव पहल की अभिभावकों ने भी सराहना की है। अभिभावकों का कहना है कि प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई होने से बच्चों में विद्यालय आने और पढ़ाई करने के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने भी प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!