सीवान मे अवस्थित प्रतिष्ठित डी.ए.वी. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामानंद राम का हुआ स्थानांतरण
प्राचार्य डॉ रामानंद राम के साथ कई प्राध्यापक भी बदले गए
कुलपति के आदेश पर अलग अलग तीन कमेटी गठित की गई थी
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

डीएवी पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रामानंद राम का स्थानांतरण पीसी विज्ञान कॉलेज छपरा कर दिया गया है। इस संदर्भ जेपी विश्वविद्यालय के कुलपति के आदेश से कुलसचिव प्रो. डॉ. नारायण दास ने विभागीय पत्र जारी कर दिया है। कुलपति ने जांच समिति की अनुशंसा के आधार पर अनुशासनिक एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से डॉ. रामानंद राम का डीएवी पीजी कॉलेज से हटाते हुए पीसी विज्ञान कॉलेज छपरा कर दिया है।
प्राचार्य को निर्देश दिया गया है कि अपना प्रभार डीएवी पीजी कॉलेज के वरीय शिक्षक को सौंप देंगे। इधर, डीएवी पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल के अतिरिक्त डीएवी पीजी कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. रामानुज कौशिक, डॉ. प्रभाकर निषाद, डॉ. मुरलीधर त्रिपाठी, आशुतोष शरण का अलग अलग कॉलेज में स्थानांतरण कर दिया गया है।
इस क्रम में डॉ. रामानुज कौशिक का राजा सिंह कॉलेज सीवान, डॉ. प्रभाकर निषाद का नंदलाल सिंग कालेज जैतपुर दाउदपुर सारण , डॉ. मुरलीधर त्रिपाठी का विद्या भवन कॉलेज सीवान जबकि आशुतोष शरण का स्थानांतरण हरिराम कॉलेज मैरवा कर दिया गया है। वही, राजा सिंह कॉलेज के प्रो. बोलेंद्र कुमार अगम का डीएवी पीजी कॉलेज, विद्या भवन महिला कॉलेज की डॉ. संजीवनी आर्या का डीएवी पीजी कॉलेज वही, हरिराम कॉलेज के शैलेंद्र कुमार का स्थानांतरण कुलपति के आदेश से डीएवी पीजी कॉलेज सीवान में कर दिया गया है।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ रामानंद राम द्वारा किए गए महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और परीक्षा में अनियमितता को लेकर जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति के आदेश पर अलग अलग तीन कमेटी गठित की गई है. महिला शिक्षिकाओं द्वारा राज्यपाल सह कुलाधिपति को भेजी गई लिखित शिकायत की जांच प्रो पूनम सिंह के नेतृत्व में गठित विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति कर रही है.
महिला शिक्षिकाओं ने प्राचार्य द्वारा उत्पीड़न, स्पेशल लीव से वंचित करने और ड्यूटी पर रहने के बावजूद वेतन काटने की लिखित शिकायत की हैं. महिला शिक्षकों के साथ अमर्यादित व्यवहार सोमवार को आंतरिक शिकायत समिति के सामने उपस्थित होकर अपना बयान रिकॉर्ड कराया तथा साक्ष्य भी प्रस्तुत करने की बात बतायी जा रही है.
डीएवी पीजी कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ धनंजय यादव और सचिव पवन कुमार ने बताया कि राजा सिंह कॉलेज सीवान में डॉ रामानंद राम के केंद्राधीक्षक के रहते हुए परीक्षा में घोर अव्यवस्था और कदाचार के मामले को लेकर विश्वविद्यालय द्वारा प्रो हरिश्चंद, प्रो कृष्ण कुमार और डॉ धनंजय कुमार आजाद को मिलाकर कमेटी बनाई गई है. इस कमेटी के सामने भी सभी शिक्षकों ने अपना लिखित पक्ष रखा है.
प्राचार्य के मनमानी और भ्रष्टाचार को लेकर शिक्षकों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के मद्देनजर प्रो कृष्ण कुमार, प्रो ऊषा सिंह और प्रो महेश चौधरी की जांच समिति बनी है जिसके सामने भी सभी शिक्षकों ने अपना लिखित बयान रिकॉर्ड कराया गया है. प्राचार्य पूर्व में भ्रष्टाचार के आरोप में जगलाल चौधरी कॉलेज के प्राचार्य रहते हुए निलंबित हो चुके हैं.
राजा सिंह कॉलेज के प्राचार्य रहने पर भ्रष्टाचार के आरोप के कारण इनके वित्तीय अधिकार पर विश्वविद्यालय द्वारा रोक लगा दी गई थी. वहीं डीएवी कॉलेज के पंखा, हीटर, एसी को लेकर भी डीएवी पीजी कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ धनंजय यादव और सचिव पवन कुमार ने गंभीर आरोप लगाया है.
अध्यक्ष डॉ धनंजय यादव और सचिव पवन कुमार ने बताया कि प्राचार्य अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए लगातार गलतबयानी कर रहे हैं. कॉलेज के सभी शिक्षक अनुशासित और समय के पाबंद हैं. प्राचार्य स्वयं कॉलेज बहुत कम आते हैं. इस बात की पुष्टि उनके बायोमेट्रिक अटेंडेंस से की जा सकती है. वहीं प्राचार्य डॉ रामानंद राम पूर्व में ही अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर चुके थे.
