Headlines

विद्युत लाइन से निकली चिंगारी से लगी आग, लगभग 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

विद्युत लाइन से निकली चिंगारी से लगी आग, लगभग 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

गौसपुर व रामपुर गांव में दो दर्जन किसानों को भारी नुकसान, प्रशासन से मुआवजे की मांग

श्रीनारद मीडिया, के के सिंह, एकमा, सारण (बिहार):

सारण जिला के एकमा  प्रखंड के रसूलपुर थाना क्षेत्र के आमडाढ़ी पंचायत के गौसपुर एवं रामपुर गांवों के चंवर में बुधवार की दोपहर बाद अचानक लगी आग में करीब 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। इस अगलगी की घटना में दोनों गांव के दर्जनों किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार आग लगने का कारण बिजली विभाग के 11000 वोल्ट के एचटी लाइन से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। बताया गया कि अचानक चिंगारी गिरते ही खेतों में आग फैल गई, जो तेज हवा के कारण देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर गई।

आगलगी की सूचना मिलते ही रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस राज के निर्देश पर पुलिस एवं दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी फसल जल चुकी थी।

रामपुर गांव के किसान चंदन श्रीवास्तव ने बताया कि इसी स्थान पर बीते वर्ष भी एचटी लाइन से चिंगारी गिरने के कारण आग लगी थी, जिससे फसलों को नुकसान हुआ था।

इस घटना में प्रभावित किसानों में बिहारी सिंह, तेजनरायन सिंह, अवधेश सिंह, सुरेश सिंह, छठ्ठू ठाकुर, गौतम प्रसाद, जाकिर मियां, लालबचन राम सहित अन्य दर्जनों किसान शामिल हैं। पीड़ित किसानों ने बताया कि महीनों की मेहनत और लागत से तैयार गेहूं की फसल कटनी से पहले ही जलकर नष्ट हो गई, जिससे वे आर्थिक रूप से टूट गए हैं।

 

आमडाढ़ी पंचायत की मुखिया चंदा सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि अगलगी से हुए नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही स्थानीय लोगों ने जर्जर बिजली तारों की मरम्मत एवं बदलने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

यह भी पढ़े

क्यों हिंसक हुआ कर्मचारियों का आंदोलन?

क्या बंगाल चुनाव बिना किसी हिंसा के संपन्न होगी?

सीबीएसई के दसवी की परीक्षा में आयकर अधिवक्‍ता के पुत्र अक्षत ने 95.3 प्रतिशत अंक प्राप्‍त किया

डीएसपी के पौत्र अंकुर ने सीबीएसई परीक्षा में लहराया परचम, 95.2 प्रतिशत अंक हासिल किया

नासिक TCS में धर्मांतरण और यौन शोषण के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया है,कैसे?

नासिक मे चल रहे खल ने पुलिस को भी चौंका दिया,कैसे?

Leave a Reply

error: Content is protected !!