मुजफ्फरपुर में बवाल, नगर विधायक रंजन कुमार को धमकी देने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

मुजफ्फरपुर में एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है, जहां नगर विधायक रंजन कुमार को सोशल मीडिया पर धमकी देने और अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. इस मामले ने शहर में काफी चर्चा बटोर ली है क्योंकि इसमें विधायक और आरोपी पक्ष, दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं.मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुकुंद तिवारी नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है.
नगर विधायक रंजन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मुकुंद उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर रहा है और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ बहुत गंदी भाषा और आपत्तिजनक बातें लिख रहा है. विधायक का आरोप है कि जब उन्होंने इस बारे में मुकुंद से पूछा, तो उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली. पुलिस ने जांच में पाया कि मुकुंद तिवारी कोई साधारण व्यक्ति नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ पहले से ही हत्या, धोखाधड़ी, शराब तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे 7 गंभीर मामले दर्ज हैं.इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब आरोपी मुकुंद की पत्नी पिंकी कुमारी ने भी विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.
पिंकी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि विधायक रंजन कुमार अपने 50-60 समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और उनके पति के साथ बुरी तरह मारपीट की. पिंकी का आरोप है कि विधायक के लोगों ने उनके घर में घुसकर उनके पति को जान से मारने की धमकी दी. पुलिस अब विधायक के खिलाफ लगे इन आरोपों की भी गहराई से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस दोनों तरफ से मिली शिकायतों पर काम कर रही है.
मुकुंद तिवारी को विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने के लिए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. एसएसपी ने साफ कहा है कि कानून सबके लिए बराबर है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी. साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी के भी खिलाफ गलत या भ्रामक जानकारी न फैलाएं, वरना उन्हें भी जेल की हवा खानी पड़ सकती है.
यह भी पढ़े
नालंदा जिले में निगरानी विभाग ने 11 ट्रैप, 14 अधिकारियों और कर्मियों को रिश्वत लेते पकड़ा
चैनपुर पुलिस ने मनीष हत्याकांड में संलिप्त अभियुक्त को किया गिरफ्तार
एकमा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी हिरासत में, एसआईटी गठित
