पटना में 1 लाख रुपए घूस लेते एडिशनल SHO गिरफ्तार, विजिलेंस द्वारा पकड़े जाने पर पिस्टल निकाली
5 लाख की डिमांड थी, 2 लाख पर फाइनल;
श्रीनारद मीडिया, पटना (बिहार):

पटना में जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह को विजिलेंस की टीम ने एक लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद से जुड़े मामले के निपटारे के लिए पीड़ित कौशल से घूस मांगी गई थी। कौशल ने बताया कि जमीन विवाद के समाधान के लिए उनसे पहले 5 लाख रुपए की मांग की गई थी। बाद में बातचीत के बाद 2 लाख रुपए में मामला तय हुआ।
उन्होंने पहले ही विजिलेंस में संजय सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। संजय सिंह बुधवार को गाजाचक मोहम्मदपुर पंचायत के कोरियावां प्लॉट पर सर्वे के लिए पहुंचे थे। जैसे ही संजय ने एक लाख रुपए लिए, विजिलेंस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद उन्होंने अपनी पिस्टल कॉक कर दी।हालांकि विजिलेंस विभाग के ASI रवि कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए उनका हाथ पकड़ लिया। इस दौरान रवि कुमार के हाथ में चोट भी आई। घूस लेते SHO का वीडियो भी सामने आया है।
पकड़े जाने के बाद विजिलेंस की टीम से भिड़ा SHO
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह वर्दी में नजर आ रहे हैं। वीडियो में विजिलेंस विभाग और विजिलेंस की टीम उन्हें पीछे से दोनों हाथों से पकड़कर ले जाती दिख रही है। इस दौरान टीम उन्हें वर्दी पकड़कर ले जाने की कोशिश कर रही है, जबकि संजय सिंह खुद को छुड़ाने की कोशिश करते और टीम से उलझते दिखाई दे रहे हैं।
इसी दौरान आसपास मौजूद कुछ लोग भी स्थिति में शामिल होकर हल्की झड़प करते नजर आते हैं, जबकि कुछ लोग पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं।
जमीन पर खूंटा गड़वाने पहुंचे थे SHO
DSP अरुणोदय पांडे ने बताया कि दो दिन पहले इस मामले में शिकायत मिली थी। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद धावा दल का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि जमीन पर खूंटा गड़वाने के लिए SHO पहुंचे थे और इसी काम के बदले पीड़ित से रुपए ले रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जानीपुर इलाके में भूमाफियाओं का गैंग एक्टिव
पीड़ित कौशल किशोर ने आरोप लगाया है कि जानीपुर इलाके में भूमाफियाओं का एक गैंग सक्रिय है। उनका कहना है कि यह गिरोह DSP, जानीपुर थाने के पुलिसकर्मियों और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर जमीन पर अवैध कब्जे को बढ़ावा देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब जमीन विवाद का मामला थाने तक पहुंचता है, तब भी पीड़ित पक्ष से उगाही की जाती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
यह भी पढ़े
पृथ्वी के प्राचीन ताप में डूबा मलमास
राजनीति साहित्य को क्यों अपना उपनिवेश बनाए रखना चाहती है?
महावीरी विजयहाता में प्रांतीय समूह खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारी अंतिम चरण में
बजरंग बली ,शिव एवं शनिदेव की प्रतिमा की निकाली गई शोभा यात्रा
