DM ने दारौंदा में प्रस्तावित डिग्री महाविद्यालय के लिए भूमि का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत जलालपुर कॉलेज परिसर में प्रस्तावित डिग्री महाविद्यालय की स्थापना को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय निर्माण के लिए उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित भूमि की स्थिति, क्षेत्रफल तथा शैक्षणिक संस्थान के निर्माण की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए डिग्री महाविद्यालय की स्थापना महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे दारौंदा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों से भूमि संबंधी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने तथा प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्य से पूर्व सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी डिग्री महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग बताते हुए जिलाधिकारी का स्वागत किया। लोगों ने कहा कि महाविद्यालय बनने से क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में दारौंदा को नई पहचान मिलेगी।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षा के विकास के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनीता सिन्हा, सीओ वेद प्रकाश नारायण, राजस्व कर्मचारी अमरेंद्र सिंह, अंचल अमीन शैलेश कुमार एवं अभिषेक कुमार मौजूद थे. डीएम के दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
