24 घंटे का सुंदरकांड पाठ, हवन-आरती के साथ हुआ समापन
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवान (बिहार )।
सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड के कमसड़ा गांव स्थित शिव मंदिर में आयोजित 24 घंटे का अखंड सुंदरकांड पाठ बुधवार को हवन, पूर्णाहुति एवं भव्य आरती के साथ संपन्न हो गया। इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन शामिल हुए और भगवान श्रीराम तथा संकटमोचन हनुमान जी की भक्ति में सराबोर रहे।
मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया था। पाठ शुरू होते ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। पूरे 24 घंटे तक श्रद्धालुओं द्वारा सुंदरकांड का पाठ, भजन-कीर्तन और राम नाम संकीर्तन किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। बुधवार को अनुष्ठान के समापन अवसर पर
आचार्य जितेन्द्रनाथ पाण्डेय एवं अन्य विद्वान पंडितों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन कराया। मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की पूर्णाहुति दी गई और विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र में शांति की कामना की गई। इसके बाद महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आचार्य ने कहा कि सुंदरकांड का पाठ भगवान हनुमान की कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ माध्यम है। इसके नियमित श्रवण और पाठ से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा सभी प्रकार की बाधाओं का निवारण होता है। उन्होंने लोगों से धर्म, संस्कार और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं, मंदिर समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
