मुजफ्फरपुर में अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से पांच लोगों की मौत
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

बिहार के मुजफ्फफरपुर शहर के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में गुरूवार को आग लग गयी. प्रसाद अस्पताल मुजफ्फरपुर का प्राइवेट हॉस्पिटल है. इस अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर ICU है, जहां आग लगी थी. उस वक्त आईसीयू में 13 मरीज भर्ती थे. देखते-ही-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इस अग्निकांड में अब तक 5 लोगों की जान चली गई है. कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट से आग लगी.
इस अग्निकांड में अपने पिता को खो चुके कुमार सत्यम ने उस पल को याद करते हुए कहा कि घटना सुबह 3 बजे हुई. हम लोग नीचे पहली मंजिल पर वेटिंग हॉल में थे. मेरा मोबाइल चोरी हो गया था, इसलिए मैंने पुलिस को कॉल लगाया था. जब पुलिस आई थी, तो मैं नीचे गया था. उसी समय आईसीयू में आग लग गई और लोग नीचे की ओर भागने लगे, कोई बचाने नहीं जा रहा था. मेरे पिता की वहीं पर मौत हो गई, उन्हें 1 घंटे के बाद आईसीयू से निकाला गया.
“मैंने पिता को 1 जून को भर्ती कराया था. उनकी मौत हो चुकी है. अचानक ऐसे आग लगना अस्पताल की लापरवाही है.”– कुमार सत्यम, मरीज के परिजन

एक अन्य मरीज के परिजन निकेश कुमार ने बताया कि वहां पर कुछ ब्लास्ट होने के कारण आग लगी. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई, सभी लोग आईसीयू में मरीज को छोड़कर नीचे भाग आए.
“जो मरीज चल सकते थे वो नीचे आ गये लेकिन कई मरीज की ऊपर झुलसकर मौत हो गई है. अबतक 5-6 मरीज की मौत हो गई है. ये घटना सुबह 3:30 के पास हुई है. घटना के दौरान कोई स्टाफ नहीं था, मैं अपने मरीज को खुद उठाकर लाया हूं.”– निकेश कुमार, मरीज के परिजन
पूरे भवन में जहरीला धुआं फैल गया, जिससे मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. अब तक करीब 20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि आग की शुरुआत अस्पताल के आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई.

अस्पताल में पहुंचे पुलिसकर्मी
”देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे आईसीयू में धुआं भर गया. धुएं के कारण वहां भर्ती गंभीर मरीजों की स्थिति बिगड़ गई. अस्पताल में मौजूद मरीज और उनके परिजन जान बचाकर बाहर निकलने लगे, जबकि आईसीयू में भर्ती मरीजों को निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया.”– सुब्रत कुमार सेन, जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर
यह भी पढ़े
24 घंटे का सुंदरकांड पाठ, हवन-आरती के साथ हुआ समापन
पुलिस अधीक्षक सीवान ने कर्त्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिस पदाधिकारी को किया निलंबित
24 घंटे का सुंदरकांड पाठ, हवन-आरती के साथ हुआ समापन
नौतन के बुलेट अंसारी हत्याकांड में संलिप्त दो अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सीवान ने कर्त्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिस पदाधिकारी को किया निलंबित
