अमनौर में फ्लावर मिल में काम कर रहे वेल्डर को लगा करंट, हालत गंभीर
पटना रेफर, खोरी पाकर खड्ग गांव का युवक निर्माणाधीन मिल में कर रहा था काम
श्रीनारद मीडिया, पंकज मिश्रा, अमनौर, सारण (बिहार):
सारण जिला के अमनौर प्रखंड के एसएच-73 अमनौर-सोनहो मुख्य मार्ग पर खोरी पाकर खड्ग गांव के पास निर्माणाधीन फ्लावर मिल में वेल्डिंग का काम कर रहे 35 वर्षीय युवक को अचानक करंट लग गया। करंट लगते ही युवक अचेत होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल युवक की पहचान खोरी पाकर खड्ग गांव निवासी राम लग्न साह के 35 वर्षीय पुत्र रंजय कुमार के रूप में हुई है।
पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि गांव में नया फ्लावर मिल का निर्माण हो रहा है। रंजय कुमार वहां वेल्डर का काम कर रहा था। काम के दौरान उसका हाथ पंखे से छू गया। पंखे में करंट प्रवाहित होने के कारण वह बुरी तरह झुलसकर अचेत हो गया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और घायल मिस्त्री को तुरंत अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। युवक की स्थिति दयनीय बताई जा रही है।
