स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास वाणिज्यिक पोत ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पासओमान तट पर वाणिज्यिक पोत ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई है। फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के महासचिव मनोज यादव ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए एक बड़ा दावा किया है कि अमेरिकी नौसेना बलों को जहाज पर सवार क्रू की राष्ट्रीयता के बारे में ‘101% जानकारी’ थी।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए बताया है कि जहाज पर सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, और ओमान स्थित भारतीय दूतावास लापता नागरिकों की खोज के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। लापता तीन भारतीयों की मौत की पुष्टि हो गई है।
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया के महासचिव मनोज यादव ने कहा कि पोत से संपर्क बुरी तरह से बाधित हो गया है और विवरणों की अभी भी पुष्टि की जा रही है।
अमेरिकी हमले में मारे गए तीनों नाविक भारत के अलग-अलग राज्यों से थे। उन्होंने कहा, “ये तीनों हिमाचल प्रदेश, देवरिया (उत्तर प्रदेश) और आंध्र प्रदेश से हैं।”
सीमैन यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआइ) की तरफ से बताया गया है कि मंगलवार को अमेरिका की तरफ से किये गये हमले में मारे गए नाविकों के नाम आदित्य शर्मा (डेक कैडेट), शिवानंद चौरसिया (इंजन फिटर) हैं, पटनाला सुरेश (चीफ इंजीनियर) है।
अमेरिका को पता था की जहाज में कौन-कौन था सवार?
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया के महासचिव मनोज यादव ने बताया कि मैं यह मानने से बिल्कुल इनकार करता हूं कि अमेरिका को उन जहाजों पर सवार लोगों की राष्ट्रीयता के बारे में जानकारी नहीं थी। मुझे 101% यकीन है कि अमेरिकी नौसेना को ठीक-ठीक पता था कि उन जहाजों पर कितने भारतीय और विदेशी नागरिक सवार थे। अगर जहाजों ने उनके निर्देशों का पालन नहीं किया, तो उन्हें हिरासत में लेना एक उचित विकल्प था।
इससे पहले, विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को ओमान के तट पर स्थित जहाज एमटी सेट्टेबेलो पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा था कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अभी भी लापता हैं। ओमान स्थित हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और चल रहे खोज एवं बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।
सर्बानंद सोनोवाल ने की मौत की पुष्टि
असम के पू्र्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मौत की पुष्टि करते हुए लिखा, “पलाऊ के झंडे वाले MT सेटेबेल्लो पर हुई दुखद घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। अत्यंत दुख की बात है कि शुरुआत में लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों में से दो के शव बरामद होने के बाद अब तीनों की मृत्यु की पुष्टि हो गई है।
यह हमारे समुद्री परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। मोदी सरकार इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके परिजनों को हर संभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मैंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए चालक दल के सदस्यों की तुरंत वतन वापसी सुनिश्चित की जाए और मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके अंतिम संस्कार के लिए जल्द से जल्द वापस लाया जाए।
