मुहर्रम में सौहार्द बनाए रखने की अपील, शांति समिति की बैठक संपन्न
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार की शाम मशरक थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था के रखरखाव, जुलूस मार्गों तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार ने कहा कि मुहर्रम का पर्व त्याग, अनुशासन, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के लोगों की सहभागिता और सहयोग से ही किसी भी पर्व को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना देने का आग्रह किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि मुहर्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस बल लगातार गश्ती करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे लोगों पर पैनी नजर बनाए हुए है। अपर थानाध्यक्ष सम्पूर्णानंद ने कहा कि शांति और सद्भाव बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट को साझा न करें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।बैठक में पूर्व उप प्रमुख साहेब हुसैन उर्फ टुनटुन, प्रोफेसर सेराजुद्दीन समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े
लच्छी कैतूका में 7 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में अभिषेक बने डीएसपी तो दानीष बने पंचायती राज पदाधिकारी
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रखंड कार्यालय परिसर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
