क्या मुजफ्फरपुर में घूम रहा है ‘साइको किलर’? एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, जांच में जुटी SIT
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. जिले के मीनापुर प्रखंड के पानापुर ओपी थाना क्षेत्र के रमतोहमा गांव में शनिवार देर रात दरवाजे पर सो रही एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, मृतका की पहचान गांव निवासी बलदेव पंडित की पत्नी मरछिया देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शनिवार की रात वह अपने घर के दरवाजे पर सो रही थीं. इसी दौरान अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी. गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
वहां मरछिया देवी खून से लथपथ पड़ी मिलीं. इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.सूचना मिलते ही पानापुर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स, एसएसपी मुजफ्फरपुर कांतेश कुमार मिश्र और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है. इस घटना ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया है क्योंकि पिछले चार वर्षों में इसी परिवार के चार लोगों की हत्या हो चुकी है. इनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार एक ही परिवार को निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है. इससे गांव के लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गई है.
ग्रामीणों के अनुसार, अब तक किसी भी मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है. ऐसे में लोग आशंका जता रहे हैं कि इन घटनाओं के पीछे किसी साइको किलर का हाथ हो सकता है. हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मरछिया देवी की हत्या अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई है. उन्होंने कहा कि इस परिवार में पहले भी दो हत्याओं के मामले दर्ज हैं और यह तीसरी दर्ज हत्या है. हालांकि कुल चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें से एक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी.
एसएसपी ने बताया कि अब तक की जांच में किसी तरह की आपसी रंजिश, जमीन विवाद या अन्य स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है.इसी वजह से पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एसआईटी हर बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है. तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
यह भी पढ़े
नवहट्टा में दो वारंटी, एक नशेड़ी धराए:पुलिस ने मुखबिर की सूचना कार्रवाई, कोर्ट ने जेल भेजा
फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
योग संगम में गूंजा स्वस्थ तन-मन और स्वस्थ समाज का संदेश
जनता दरबार में एक भूमि विवाद का आपसी सहमति से हुआ निपटारा, एक नया आवेदन आया
