Headlines

जमुई में  थाना से महज 200 मीटर दूर सदर अस्पताल के गेट पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

जमुई में  थाना से महज 200 मीटर दूर सदर अस्पताल के गेट पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

श्रीनारद मीडिया, स्‍टेट डेस्‍क :

जमुई शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है. टाउन थाना से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के पास शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. गोली युवक की बाईं जांघ को आरपार करते हुए कमर के नीचे जाकर फंस गई.

 

गंभीर रूप से घायल युवक को उसके साथियों ने तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. मृत्युंजय कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. घायल युवक की पहचान शहर के महिसौड़ी निवासी दिनेश साह के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. सूरज कुमार ने गोली मारने का आरोप कल्याणपुर निवासी सोनू यादव पर लगाया है. वहीं, घटना में श्रवण यादव समेत अन्य लोगों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है.

 

घायल सूरज कुमार ने बताया कि उसके भाई के साथी नुमर गांव निवासी दीपक कुमार की मौत हो गई थी. वह अपने भाई और अन्य साथियों के साथ दीपक का शव देखने सदर अस्पताल आया था. शव देखने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो वह अस्पताल के मुख्य गेट के समीप एक चाय दुकान के बाहर बेंच पर बैठ गया. इसी दौरान एक अपाची और एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि स्प्लेंडर चला रहे श्रवण यादव ने उससे पूछा कि यहां क्या कर रहा है. वह जवाब देने ही वाला था कि पीछे बैठे सोनू यादव ने उस पर गोली चला दी. गोली उसकी बाईं जांघ में लगी और शरीर के भीतर फंस गई.

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां से एक खोखा बरामद किया. पुलिस ने अस्पताल में घायल युवक का फर्द बयान दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इधर, पुलिस के अनुसार घायल सूरज कुमार के खिलाफ टाउन थाना में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें जेल गेट के सामने हुई गोलीबारी का मामला भी शामिल है. लिहाजा, पुलिस इस गोलीकांड की जांच आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित एंगल से कर रही है.

वहीं, पूरे मामले पर जमुई SP विश्वजीत दयाल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि देर रात एक युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी. टाउन थाना पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है. FIR दर्ज की जा रही है, जिसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी. थाना के बेहद करीब हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है.

यह भी पढ़ें

पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ,निष्पक्षता बनाए रखें – घनश्याम पाठक

दहेज हत्याकांड के फरार अभियुक्त के घर का हुआ कुर्की

कौड़ियां गोली कांड में घायल के पिता के आवेदन पर 5 पर प्राथमिकी दर्ज

Leave a Reply

error: Content is protected !!