गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज का हुआ शुभारंभ, अब एकमा में ही मिलेगी बीबीए-बीसीए की उच्च शिक्षा की सुविधा
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, एकमा, सारण (बिहार):

छपरा–सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग-531 के किनारे स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार को आयोजित भव्य समारोह के बीच गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में इसे एकमा एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कॉलेज की शुरुआत के साथ अब स्थानीय विद्यार्थियों को बीबीए, बीसीए सहित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ उद्घाटन, छात्राओं ने प्रस्तुत किया स्वागत गीत:
कार्यक्रम का शुभारंभ कुंवर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र स्वामी, पटना एम्स के कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. जगजीत पांडेय, पूर्व प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश सिंह, जन सुराज नेता ब्रजेंद्र कुमार सिंह उर्फ मुन्ना भवानी, शिक्षक नेता समरेंद्र बहादुर सिंह तथा बंशीधर तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद गुरुकुल पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधानाध्यापक रामनरेश सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता माकपा नेता डॉ. अरुण कुमार ने की।
अब उच्च शिक्षा के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूसरे शहर : डॉ. जगजीत पांडेय
मुख्य अतिथि पटना एम्स के कैंसर विभाग के अध्यक्ष डॉ. जगजीत पांडेय ने कहा कि एकमा जैसे क्षेत्र में मैनेजमेंट कॉलेज की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि बीबीए एवं बीसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों का समय और आर्थिक बोझ दोनों कम होंगे। उन्होंने सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र भी अब बिना किसी आर्थिक बाधा के उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
गुरुकुल ग्रुप का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना: डॉ सिंह
गुरुकुल ग्रुप छपरा के निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल में 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई करने वाले छात्र अब बीबीए, बीसीए सहित अन्य रोजगारपरक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई भी इसी परिसर में कर सकेंगे। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा हरसंभव सहयोग:
गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज के निदेशक डॉ. रतन सिंह ने कहा कि संस्थान शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अलावा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अन्य माध्यमों से भी सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि कोई भी छात्र आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर किया गया सम्मान:
समारोह के दौरान गुरुकुल ग्रुप के निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह एवं गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज के निदेशक डॉ. रतन सिंह ने सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने संस्थान की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वक्ताओं ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर:
कार्यक्रम को विधान पार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव, लोजपा (रा.) के वरिष्ठ नेता कामेश्वर कुमार सिंह मुन्ना, समाजवादी नेता ओमप्रकाश सिंह, शिक्षाविद प्रो. अभय कुमार सिंह, विनोद सिंह, रविंद्र सिंह, मंटू सिंह, लोकगायक एवं शिक्षक रमेश सजल, कमल कुमार सिंह, अर्जुन सिंह, धीरज कुमार तथा रामानंद सिंह उर्फ पप्पू सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने ग्रामीण क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की।
पटना से आए मैनेजमेंट कॉलेज के निरीक्षकों ने कॉलेज की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन:
पटना से आए मैनेजमेंट कॉलेज के निरीक्षक अनंत सिंह, रवि रंजन सिंह एवं अजय सिंह ने कॉलेज भवन, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की आधारभूत सुविधाओं एवं गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
मैनेजमेंट भवन का उद्घाटन, जल्द खुलेगा पैरामेडिकल कॉलेज:
समारोह के दौरान मैनेजमेंट कॉलेज भवन का भी फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर डॉ. रतन सिंह ने बताया कि संस्थान में शीघ्र ही पैरामेडिकल कॉलेज की भी शुरुआत की जाएगी। इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और अगले माह तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न पैरामेडिकल पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध होंगे।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश:
कार्यक्रम के समापन से पूर्व गुरुकुल पब्लिक स्कूल एवं गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज परिसर में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, शिक्षकों, अभिभावकों, व्यवसायियों एवं मीडिया कर्मियों ने दर्जनों फलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और अधिकाधिक पौधारोपण से ही स्वच्छ एवं संतुलित वातावरण का निर्माण संभव है।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का हुआ समापन:
अंत में गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज के निदेशक डॉ. रतन सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
यह भी पढ़ें
दुनिया में धर्म सिर्फ भारत का है :रामाशीष सिंह
जन विकास सामाजिक कल्याण ट्रस्ट द्वारा मुहर्रम पर किया गयाशरबत एवं मिठाई का वितरण
शिक्षा पाने के लिए हनुमान जी ने किया था शादी – मालती
सिधवलिया की खबरें : दुकान का शटर काटकर नगदी सहित हजारों की संपत्ति चोरी
महम्मदपुर सेंट्रल बैंक के सामने सड़क पर बने बड़े गड्ढे से आए दिन हो रहे हैं दुर्घटनाएं
28 जून से शुरू हो रहे पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए मशरक में निकली जागरूकता प्रभात फेरी
दाऊदपुर में हाइवा के चपेट में आने से होटल संचालक की मौत
भीखपुर में मुहर्रम के अवसर पर निकला दो बड़े ताजियों का भव्य जुलूस
