शहादत दिवस पर पूर्व विधायक अशोक सिंह, रामदेव सिंह ‘काका’ समेत अन्य दिवंगत नेताओं को दी गई श्रद्धांजलि
अशोक सिंह की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

मशरक प्रखंड के यदु मोड़ स्थित पूर्व प्राचार्य सुरेंद्र सिंह के आवास पर शुक्रवार को पूर्व विधायक स्व. अशोक सिंह, पूर्व विधायक स्व. रामदेव सिंह ‘काका’, स्व. राजू सिंह (अरना) एवं स्व. मनोकामना सिंह (चरिहारा) की पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर दिवंगत नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व प्राचार्य सुरेंद्र सिंह ने किया, जबकि मंच संचालन महेश्वर सिंह ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने दिवंगत नेताओं के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जनहित, सामाजिक न्याय और क्षेत्र के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाजसेवी पप्पू सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष यह दिवस शहादत दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने जनता के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए संघर्ष किया तथा उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाजहित में कार्य करना चाहिए। पूर्व विधायक स्व. अशोक सिंह के पुत्र आदित्य सिंह विभु ने अपने संबोधन में दिवंगत नेताओं के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामाधार सिंह ने कहा कि स्व. अशोक सिंह, स्व. रामदेव सिंह ‘काका’ एवं अन्य दिवंगत नेताओं ने जनसेवा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा हैं और समाज उनके योगदान को सदैव याद रखेगा। बंगरा मुखिया प्रत्याशी रंजन कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे स्मृति समारोह समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने महान नेताओं के संघर्ष और विचारों से परिचित कराते हैं।
इस दौरान अधिवक्ता सुधीर कुमार सिंह ने पूर्व विधायक स्व. अशोक सिंह की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन किया और शीघ्र प्रतिमा स्थापना की दिशा में कार्य प्रारंभ करने पर सहमति व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत नेताओं के सम्मान में नारे लगाए गए तथा उनके बताए मार्ग और पदचिह्नों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
अंत में महेश्वर सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर शुभनारायण सिंह, महाराणा प्रताप विकास मंच के अध्यक्ष फुलेंद्र सिंह, लड्डू सिंह, रंजन कुमार, अशोक यादव ‘अजनबी’, धर्मेंद्र सिंह, रामनरेश मिश्रा, बंटी सिंह, राजेश सिंह, शैलेश राय, भरत सिंह, प्रहलाद सिंह, अशोक यादव, बिरजू सिंह, रोहित सिंह, गोल्डी सिंह, ऋषभ कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें
रघुनाथपुर : विवादित डॉक्टर इरशाद आलम सहित दो डॉक्टरों का हुआ तबादला
उत्तर प्रदेश के संभल पुलिस को मिली बड़ी सफलता, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी को न्यायालय में पेश किया
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा भोजपुर, अंधाधुंध फायरिंग में चाचा की मौत, भतीजा जख्मी
