Headlines

पीएम मोदी ने मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित किया

पीएम मोदी ने मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित किया

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

पीएम मोदी इस समय ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करने में भारतीय समुदाय की सबसे बड़ी भूमिका रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पिछले 12 सालों में उनकी तीसरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा है। पीएम ने इसे ‘हैट-ट्रिक’ बताया है।

यह कार्यक्रम हाउसफ़ुल: PM मोदी

उन्होंने कहा, ‘मैं उस जमीन के पारंपरिक मालिकों को नमन करते हुए अपनी बात शुरू करना चाहता हूं जहां हम मिल रहे हैं और मैं उनके बुज़ुर्गों चाहे वे पहले के हों, अभी के हों या आने वाली पीढ़ी के को सम्मान देता हूं। यह कार्यक्रम हाउसफ़ुल है।

यह ब्लॉकबस्टर है, इससे पहले मैं आप सभी से सिडनी में दो बार मिल चुका हूं। मैं मेलबर्न के लोगों से मिलने का भी इंतजार कर रहा था। इसलिए इस बार मैंने सोचा कि मैं मेलबर्न के लोगों के साथ ‘फ्लैट व्हाइट कॉफी’ पीऊंगा।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘यह दिखाता है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध किस ऊंचाई पर पहुंच गए हैं और इन संबंधों को मजबूत करने में आप सभी की सबसे बड़ी भूमिका रही है।’

ऑस्ट्रेलिया के विकास को परिश्रम से सींच रहे: PM

भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आप सभी ऑस्ट्रेलिया के विकास को अपने परिश्रम से सींच रहे हैं। मैं जानता हूं कि आपकी एक नजर भारत पर लगातार रहती है कि भारत क्या कर रहा है? 21वीं सदी का भारत आज विकसित होने पर काम कर रहा है।’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मेलबर्न ने सचमुच सबका दिल जीत लिया है। मैं अपने मित्र और भारत के मित्र प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज का भी बहुत आभारी हूं। आप सिडनी में हमारे साथ थे और आज आप यहां मेलबर्न में भी भारतीय समुदाय के साथ शामिल हुए हैं; एक तरह से, यह सफर पूरा हो गया है।

भारतीयों का दिल जीत लेते हैं अल्बानीज: पीएम मोदी

दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम वाले शहर अहमदाबाद से लेकर मशहूर स्टेडियम वाले शहर मेलबर्न तक हम दोनों जगहों पर साथ रहे हैं। हम सबने देखा है कि जब भी प्रधानमंत्री अल्बानीज बोलते हैं, तो वे भारतीयों का दिल और दिमाग जीत लेते हैं। आपने सिडनी में जबरदस्त छाप छोड़ी और यहां भी आपने सबका दिल जीत लिया है।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने मेलबर्न में ‘इंडिया-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम’ और ‘इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन’ में शिरकत की। इस दौरान पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के साथ आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की कोशिश की।

पीएम ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में, भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के तौर पर आगे बढ़ना स्वाभाविक और जरूरी है।

ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर ने भारत में बडे़ निवेश का एलान भी किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘भारत ऑस्ट्रेलियनसुपर के 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का स्वागत करता है, जिसकी घोषणा आज सुबह मेलबर्न में उनके चीफ एग्जीक्यूटिव मिस्टर पॉल श्रोडर ने की। यह भारत की विकास और सुधार की राह में वैश्विक भरोसे की एक और मिसाल है। यह उन बड़े मौकों को भी दिखाता है जो हमारी तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था ग्लोबल निवेशकों को देती है।’

बुधवार को पहुंचे पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में, हमने दोनों देशों की क्षमताओं को मिलाकर भविष्य में सहयोग के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार किया है। बता दें कि पीएम मोदी अपना इंडोनेशिया का दौरा पूरा करने के बाद बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे।

पीएम मोदी के पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझा विरासत का जश्न मनाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसका वीडियो शेयर करते हुए इसे शानदार बताया।

पीएम ने की तारीफ

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्र डिजेरिडू और तबला के साथ एक संगीत जुगलबंदी भी देखी। प्रस्तुति देखने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है। पीएम ने कलाकारों की तारीफ भी की।

ऑस्ट्रेलिया के बाद पीएम मोदी न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे। लेकिन उसके पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा, मोबिलिटी, टेक्नोलॉजी, खेल पर अहम चर्चा होगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!