
दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख गुड़िया सिंह, उप प्रमुख हरेश यादव, बीडीओ शिम्पी कुमारी, सीओ वेद प्रकाश नारायण सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सभी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है। पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा हरियाली को बढ़ावा देना था।
