Headlines

दारौंदा में RCH हॉस्पिटल के सौजन्य से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन, सैकड़ों मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच

दारौंदा में RCH हॉस्पिटल के सौजन्य से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन, सैकड़ों मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवान ( बिहार )।

सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड स्थित बीआरसी के समीप शुक्रवार को RCH हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र से पहुंचे लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
शिविर में सुप्रसिद्ध स्पाइन सर्जन डॉ. विशाल चौधरी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तान्या चौधरी ने लगभग सैकड़ों मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान मरीजों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।
डॉ. विशाल चौधरी ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से शहर के अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने स्पाइन की समस्या को लेकर कहा कि लोगों में स्पाइन सर्जरी को लेकर कई तरह के डर और भ्रम हैं, जबकि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के कारण स्पाइन से जुड़ी अधिकांश समस्याओं का बेहतर इलाज संभव है। उन्होंने बताया कि हर मरीज को ऑपरेशन की आवश्यकता नहीं होती। अधिकांश मरीज दवा, फिजियोथेरेपी या इंजेक्शन जैसी उपचार पद्धतियों से भी ठीक हो सकते हैं।
उन्होंने घुटने की समस्या से बचाव के लिए संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। गंभीर स्थिति में घुटना प्रत्यारोपण को भी आधुनिक चिकित्सा में प्रभावी उपचार बताया।
वहीं, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तान्या चौधरी ने बच्चों में बढ़ते मोबाइल और स्क्रीन टाइम को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लगातार स्क्रीन देखने से आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बच्चों को बीच-बीच में स्क्रीन से नजर हटाकर दूर देखने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने मोतियाबिंद के मरीजों को समय पर नेत्र चिकित्सक से परामर्श लेकर उचित उपचार कराने की सलाह दी।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. ऋषि कुमार सिंह, नीरज यादव सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने RCH हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!